CJP-सरकार की आज निर्णायक बैठक, जंतर-मंतर पर बढ़ी हलचल; दोपहर 12:30 बजे संविधान क्लब में होगी आमने-सामने की वार्ता
नई दिल्ली: NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के बीच शुक्रवार का दिन अहम माना जा रहा है। जंतर-मंतर पर सुबह से हलचल तेज है और दोपहर 12:30 बजे CJP प्रतिनिधिमंडल तथा केंद्र सरकार के बीच संविधान क्लब में महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इससे पहले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार से मिले आश्वासन के बाद 26 दिनों से जारी अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर दिया।
सरकार ने शिक्षा सुधार, प्रभावित परिवारों को मुआवजा और संसद में चर्चा सहित कई मुद्दों पर आश्वासन दिया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई का भरोसा दोहराया है। दूसरी ओर विपक्षी नेताओं ने भी आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन स्थल का दौरा किया है।
NEET पेपर लीक को लेकर जारी है आंदोलन
CJP लंबे समय से NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरना दे रही है। 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। इस घटना में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए, जबकि 118 पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई थी।
देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान
CJP ने 24 जुलाई को देशव्यापी शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है। दिल्ली, मुंबई और पटना समेत कई शहरों में छात्र प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं। संगठन ने स्पष्ट किया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उसकी प्रमुख मांग बनी हुई है। राजस्थान की राजधानी जयपुर के जवाहर सर्किल पर भी सुबह से प्रदर्शनकारी जुटने लगे हैं।
खड़गे ने संसद में चर्चा की उठाई मांग
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में NEET और परीक्षा व्यवस्था पर बयान देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संसद में चर्चा से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाए, छात्रों से माफी मांगी जाए और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
दोपहर 12:30 बजे होगी अहम वार्ता
CJP और केंद्र सरकार के बीच शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे संविधान क्लब में बैठक होगी। वार्ता से पहले संगठन ने दोहराया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उसकी गैर-समझौतावादी मांग है। जंतर-मंतर पर शुक्रवार सुबह माहौल शांत रहा और बड़ी संख्या में छात्र धरना स्थल पर मौजूद रहे।
सोनम वांगचुक के फैसले का CJP ने किया स्वागत
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोनम वांगचुक के 26 दिन बाद अनशन समाप्त करने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वांगचुक ने साहस और धैर्य का परिचय दिया है। हालांकि संगठन का शांतिपूर्ण आंदोलन केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक जारी रहेगा।
सोनम वांगचुक ने बताया कि सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त करने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ जिन मुद्दों पर सहमति बनी है, उनकी विस्तृत जानकारी अलग वीडियो संदेश के माध्यम से साझा करेंगे।
CJP का दावा- सरकार बातचीत के लिए तैयार
CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि सरकार ने बातचीत के लिए सहमति दे दी है और संगठन की मांग पर बैठक संविधान क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वार्ता में संगठन अपनी सभी प्रमुख मांगों को सरकार के सामने मजबूती से रखेगा।
दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन आज भी बंद
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन लगातार तीसरे दिन भी बंद रहेंगे। सुरक्षा कारणों से सुबह 7:30 बजे से अगली सूचना तक लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान स्टेशन बंद रखने का फैसला किया गया है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के संदेश पर उठाए सवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से शिक्षा मंत्री को हटाने, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने वालों पर कार्रवाई करने और छात्रों से माफी मांगने की मांग की।
