दिल्ली में बिहार की मेगा सड़क परियोजनाओं पर मंथन, 53 हजार करोड़ के विकास कार्यों की समीक्षा, पटना में बनेगा ड्रोन कमांड सेंटर
नई दिल्ली: बिहार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने राजधानी दिल्ली में बिहार के पूर्व पथ निर्माण मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नितिन नवीन से मुलाकात कर राज्य में चल रही सड़क और पुल परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान बिहार में बुनियादी ढांचे को नई गति देने वाली करीब 53 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को लेकर कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
मुलाकात के दौरान पथ निर्माण मंत्री ने पूर्व मंत्री के अनुभवों का लाभ उठाते हुए राज्य में चल रहे विकास कार्यों, आगामी योजनाओं और संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बुके और अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मान भी किया।
सड़क और पुल परियोजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक में बिहार में निर्माणाधीन सड़क और पुल परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। राज्य में चल रहे बड़े बुनियादी ढांचा विकास कार्यों को लेकर दोनों नेताओं के बीच विस्तार से विचार-विमर्श हुआ और कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सुझाव एवं मार्गदर्शन साझा किए गए।
पटना में बनेगा पुलों की निगरानी का हाईटेक कमांड सेंटर
पथ निर्माण मंत्री ने राज्य में प्रस्तावित नए एक्सप्रेस-वे, पीआरएमसी, ब्रिज हेल्थ कार्ड और पुलों की सुरक्षा के लिए शुरू किए जाने वाले ड्रोन रिव्यू सिस्टम की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि बिहार के सभी पुलों की निगरानी के लिए ड्रोन आधारित हाईटेक व्यवस्था विकसित की जाएगी।
इसके लिए राजधानी पटना में एक अत्याधुनिक कंट्रोल एंड कमांड सेंटर स्थापित करने की योजना है, जहां से राज्य के पुलों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी।
53 हजार करोड़ की परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार
बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि बिहार में इस समय 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सड़क परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इन परियोजनाओं के जरिए राज्य की सड़क कनेक्टिविटी और परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
जाह्नवी चौक से पटना तक नए सड़क मार्ग पर भी चर्चा
बैठक में नवगछिया के जाह्नवी चौक से अगुवानी घाट होते हुए पटना तक गंगा के उत्तरी तट पर प्रस्तावित महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना पर भी चर्चा हुई। इस प्रस्ताव को लेकर सकारात्मक सहमति बनने की बात सामने आई है।
माना जा रहा है कि यह सड़क मार्ग साकार होने पर उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक तथा सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
उत्तर बिहार के विकास में अहम साबित होगी परियोजना
पथ निर्माण मंत्री ने मुलाकात को बेहद सकारात्मक बताते हुए कहा कि पूर्व मंत्री के अनुभव और सुझाव राज्य में बुनियादी ढांचा विकास को नई दिशा देने में उपयोगी साबित होंगे। साथ ही, आने वाले समय में सड़क और पुल निर्माण परियोजनाओं को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।
