पायल फायरिंग केस में बड़ा खुलासा: 4 आरोपी गिरफ्तार, ऑस्ट्रेलिया से बैठकर रची गई थी साजिश, गैंगस्टर नेटवर्क का पर्दाफाश
पंजाब के पायल की अनाज मंडी में 14 अप्रैल की रात हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले में पुलिस जिला खन्ना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे गैंगस्टर नेटवर्क का खुलासा कर दिया है। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया की अगुवाई में चल रही “गैंगस्टरों पर वार” मुहिम के तहत पुलिस ने जबरन वसूली, धमकी और फायरिंग जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल गिरोह के चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य भी सामने आया है कि इस वारदात के मास्टरमाइंड विदेश, खासतौर पर ऑस्ट्रेलिया में बैठे हुए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान, कई जिलों से जुड़े तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमेश कुमार उर्फ सोनू कुमार उर्फ छागा पुत्र प्रेमपाल निवासी वार्ड नंबर 4, सूदावाल वाली कच्ची पही के पास डॉ. हरीश, साहनेवाल (जिला लुधियाना), गुरविंदर सिंह उर्फ गोल्डी पुत्र हाकम सिंह निवासी गुरु तेग बहादुर नगर, गली नंबर एल-8, ललहेड़ी रोड, खन्ना, गौरव उर्फ गोला पुत्र अशोक कुमार निवासी गली नंबर 5, बैक साइड गुरुद्वारा बाबा जीवन सिंह, भुटानपुर (अमृतसर) तथा लक्ष पुत्र प्रेमपाल निवासी वार्ड नंबर 4, सूदावाल वाली कच्ची पही के पास डॉ. हरीश, साहनेवाल (जिला लुधियाना) के रूप में हुई है।
आढ़ती की दुकान पर की गई थी अंधाधुंध फायरिंग
पुलिस जांच के अनुसार 14 अप्रैल की देर रात दो अज्ञात हमलावरों ने पायल अनाज मंडी में एक आढ़ती की दुकान को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं। इस घटना से मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
विदेश से संचालित हो रहा था पूरा नेटवर्क
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि इस गैंग के तार विदेश से जुड़े हुए हैं। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर शगनप्रीत सिंह उर्फ शगन और जगप्रीत सिंह, जो वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं, इस पूरी साजिश के मुख्य सूत्रधार बताए जा रहे हैं। दोनों आरोपी स्थानीय सहयोगियों के जरिए रेकी करवा रहे थे और वारदात की पूरी योजना तैयार कर रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई जारी, अन्य आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस इस पूरे गैंगस्टर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
