बिहार

बिहार में विधान परिषद चुनाव का ऐलान, 8 सीटों पर 23 अक्टूबर को वोटिंग; 27 को आएगा परिणाम

पटना: बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 8 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक इन सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। इन सभी सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।

इन 8 सीटों पर होना है चुनाव

बिहार की जिन सीटों पर चुनाव होगा, उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।

इन सीटों से मौजूदा सदस्यों में पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंसीधर ब्रजवासी, कोसी स्नातक से एन.के. यादव, पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक से अफाक अहमद शामिल हैं। इन सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को पूरा होगा।

29 सितंबर को जारी होगी चुनाव की अधिसूचना

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे।

7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच

नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी। उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान

बिहार विधान परिषद की इन 8 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। वहीं मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी।

31 अक्टूबर तक पूरी होगी चुनाव प्रक्रिया

निर्वाचन आयोग के मुताबिक बिहार विधान परिषद की इन सीटों के लिए पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। ये चुनाव स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हो रहे हैं।

चार राज्यों में 28 विधान परिषद सीटों पर चुनाव

निर्वाचन आयोग ने बिहार के अलावा कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की विधान परिषदों की स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों के लिए भी चुनाव कार्यक्रम घोषित किया है। चारों राज्यों में कुल 28 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा। इनमें बिहार की 8 सीटें शामिल हैं।