उत्तर प्रदेश

UP: पति-पत्नी के झगड़े का अजीब असर, हाईटेंशन तार में फंसे कपड़ों से 1000 घरों की बिजली गुल

गोरखपुर: पति-पत्नी के बीच हुआ घरेलू विवाद गोरखपुर के एक बड़े इलाके के लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया। झगड़े के दौरान घर से बाहर फेंके गए कुछ कपड़े पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में जा फंसे। इसके बाद बिजली लाइन बार-बार बंद होने लगी और 1000 से ज्यादा घरों की बिजली करीब दो घंटे तक गुल रही। रात में बिजली विभाग की टीम को लाइन पर गश्त कर खराबी का कारण तलाशना पड़ा।

मामला गोरखपुर के रामजानकी नगर इलाके का है। मंगलवार रात करीब 9 बजे अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रामजानकी नगर फीडर के लाइनमैन ने सप्लाई दोबारा शुरू करने की कोशिश की, लेकिन बिजली चालू होते ही लाइन में फिर खराबी आ गई। शुरुआती जांच में समस्या का पता नहीं चलने पर बिजली विभाग की टीम ने फीडर और आसपास की बिजली लाइन की जांच शुरू की।

हाईटेंशन तार पर लटके मिले कपड़े

लाइन की जांच के दौरान कर्मचारियों की नजर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर पड़ी। तार पर कुछ कपड़े फंसे हुए दिखाई दिए। इसके बाद बिजली आपूर्ति में आ रही बार-बार की खराबी की वजह सामने आ गई।

जांच और पूछताछ में पता चला कि एक घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। गुस्से में दोनों ने घर के कपड़े बाहर फेंकना शुरू कर दिया। इसी दौरान कुछ कपड़े घर के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तारों पर जा गिरे और वहीं फंस गए।

कपड़ों के कारण बार-बार बंद हो रही थी बिजली

हाईटेंशन तार के संपर्क में कपड़े आने के कारण बिजली लाइन बार-बार ट्रिप कर रही थी। बिजली विभाग के कर्मचारी लगातार आपूर्ति बहाल करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तार में कपड़े फंसे होने के कारण समस्या दोबारा पैदा हो जाती थी।

करीब दो घंटे तक 1000 से ज्यादा घरों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली नहीं आने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हुई। लोग लगातार बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराते रहे और आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करते रहे।

शटडाउन लेकर हटाए गए तार में फंसे कपड़े

बार-बार बिजली ट्रिप होने के बाद विभागीय टीम ने दोबारा लाइन की जांच की। हाईटेंशन तार पर कपड़े फंसे होने की पुष्टि के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली लाइन का शटडाउन लिया गया।

इसके बाद कर्मचारियों ने सावधानी के साथ तारों में फंसे कपड़ों को हटाया। कपड़े हटाने के बाद लाइन की जांच की गई और खराबी को ठीक किया गया। इसके बाद इलाके में बिजली आपूर्ति फिर से बहाल कर दी गई।

दो घंटे बाद लौटी बिजली तो लोगों ने ली राहत की सांस

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य होने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, घरेलू विवाद के दौरान बाहर फेंके गए कपड़े 11 हजार वोल्ट की लाइन में फंस गए थे, जिसके कारण बिजली बार-बार ट्रिप हो रही थी कपड़े हटाकर लाइन में आई खराबी दूर करने के बाद रामजानकी नगर इलाके में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई।