यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: संभल एसपी कृष्ण कुमार समेत 9 आईपीएस अफसरों का तबादला, मेरठ-झांसी के एसएसपी भी बदले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। योगी सरकार ने गुरुवार देर रात पांच जिलों के पुलिस कप्तानों समेत नौ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए। तबादला सूची में मेरठ और झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ संभल के एसपी कृष्ण कुमार का नाम भी शामिल है। वहीं, हरदोई और बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात रहे अधिकारियों को भी पहली बार दूसरे जिलों में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
मेरठ और झांसी के एसएसपी भी बदले
तबादले के तहत मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रहे अविनाश पांडेय को पुलिस मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध किया गया है। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं, बलरामपुर के एसपी विकास कुमार को झांसी का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
संभल के एसपी कृष्ण कुमार को बिजनौर भेजा गया
संभल के एसपी कृष्ण कुमार का भी तबादला किया गया है। उन्हें अब बिजनौर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। उनके स्थान पर बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक/अपर पुलिस अधीक्षक रहे विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
सुलतानपुर, गोंडा और बलरामपुर में भी नई तैनाती
सुलतानपुर की एसपी रहीं चारू निगम को एसपी यूपी डायल-112, लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। गोंडा के एसपी विनीत जायसवाल को सुलतानपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं बिजनौर के एसपी अभिषेक को गोंडा की कमान सौंपी गई है।
हरदोई में अपर पुलिस अधीक्षक रहे मार्तण्ड प्रकाश सिंह को पदोन्नत जिम्मेदारी देते हुए बलरामपुर का एसपी बनाया गया है। इस फेरबदल के बाद कई जिलों में पुलिस कप्तान के स्तर पर नई तैनाती हो गई है।
तीन दिन पहले 18 आईएएस अधिकारियों की भी हुई थी तैनाती
उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन दिन पहले भी प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया था। वर्ष 2024 बैच के प्रशिक्षण प्राप्त 18 आईएएस अधिकारियों को संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनाती दी गई थी। इससे पहले ये अधिकारी सहायक मजिस्ट्रेट के तौर पर कार्य कर रहे थे।
इनमें आदित्य श्रीवास्तव को शाहजहांपुर, नौशीन को बस्ती, शौर्य अरोड़ा को बदायूं, कुनाल रस्तोगी को गोरखपुर, अयान जैन को आजमगढ़ और शिवम कुमार को महराजगंज में संयुक्त मजिस्ट्रेट बनाया गया था।
इसके अलावा अनिमेष वर्मा को देवरिया, अंशुल हिंदल को सुलतानपुर, शुभांशु कटियार को जौनपुर, विनोद कुमार मीना को औरैया और अर्पित कुमार को प्रयागराज में संयुक्त मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई थी। रिदम आनंद को कानपुर देहात, रमेश चंद्रा वर्मा को बलिया, जी अक्षय दीपक को कुशीनगर, तेजस को मैनपुरी, मनीषा धार्वे को झांसी, आयुष अग्रवाल को रायबरेली और अपराजिता आर्यन को लखनऊ में तैनाती मिली थी।
