वृंदावन में बड़ा हादसा: ओमैक्स मॉल की शटरिंग गिरने से 3 मजदूरों की मौत, एक गंभीर घायल; आगरा रेफर
वृंदावन। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। रुकमणि विहार स्थित निर्माणाधीन ओमैक्स मॉल में शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई। इसके नीचे चार मजदूर दब गए। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सुबह करीब सात बजे अचानक गिरी शटरिंग
ओमैक्स की ओर से रुकमणि विहार गोल चक्कर के पास मॉल का निर्माण कराया जा रहा है। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे मजदूर शटरिंग के काम में जुटे थे। इसी दौरान शटरिंग टूटकर नीचे गिर गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई और चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य मजदूरों और कर्मचारियों ने बचाव अभियान शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव दल ने मलबा हटाकर चारों मजदूरों को बाहर निकाला।
अस्पताल पहुंचने तक तीन मजदूरों की मौत
मलबे से निकाले गए मजदूरों में से एक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। दो अन्य मजदूरों को सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। एक मजदूर के सिर में गंभीर चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मौके पर पहुंचे एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में कुल चार मजदूर शटरिंग के नीचे दबे थे। सभी को बाहर निकाल लिया गया। इनमें तीन की मौत हुई है, जबकि एक घायल मजदूर को इलाज के लिए आगरा भेजा गया है।
एक मजदूर कुछ देर के लिए चला गया था, इसलिए बच गया
बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन मॉल में पिछले करीब तीन साल से काम चल रहा है। यहां रोजाना करीब 50 मजदूर काम करते हैं। हादसे के समय पांच मजदूर काम में लगे हुए थे। इनमें से एक मजदूर कुछ देर के लिए वहां से कहीं चला गया था। इसी वजह से वह हादसे की चपेट में आने से बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
6 अगस्त को काम पर आया था शिवराम
हादसे में जान गंवाने वाले शिवराम की रिश्तेदार मनीषा ने बताया कि वह 6 अगस्त को काम करने के लिए यहां आए थे और 7 अगस्त से उन्होंने निर्माण स्थल पर काम शुरू किया था। शुक्रवार को शटरिंग गिरने से उनकी मौत हो गई।
वहीं जिला संयुक्त चिकित्सालय के डॉक्टर के मुताबिक, घायल दिलदार सिंह को अस्पताल लाया गया था। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
इन तीन मजदूरों की हादसे में मौत
- रफ्यूल, उम्र करीब 28 वर्ष, पुत्र मजिदुल, निवासी सीताही, कूच बिहार, पश्चिम बंगाल।
- शिवराम, उम्र करीब 42 वर्ष, पुत्र भाई लाल, निवासी सिमरी जोशीपुर, वार्ड 06, जिला कैलाली, नेपाल।
- आलम, उम्र करीब 30 वर्ष, पुत्र सोहले मियां, निवासी कूच बिहार, पश्चिम बंगाल।
एक मजदूर गंभीर, आगरा रेफर
हादसे में दिलदार, उम्र करीब 45 वर्ष, पुत्र कौशाम्बिया, निवासी कूच बिहार, पश्चिम बंगाल घायल हुआ है। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। जिला संयुक्त चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
