उत्तर प्रदेश

प्रयागराज में खौफनाक वारदात: दोस्त की पत्नी ने साथ चलने से किया इनकार तो चाकू से रेत दिया गला, 4 साल की बच्ची के सामने हत्या

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सरायइनायत के जैतपुर गांव में एक युवक ने अपने दोस्त की पत्नी की कथित तौर पर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोप है कि महिला ने उसके साथ गुजरात चलने से इनकार कर दिया था, जिससे नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। घटना के वक्त महिला की चार साल की बेटी भी मौके पर मौजूद थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पति के घर से निकलते ही कमरे पर पहुंचा आरोपी

पुलिस के मुताबिक, उतरांव के बसगिद गांव निवासी दिनेश मुंबई में ऑटो चलाता था। करीब पांच साल पहले मुंबई में उसकी मुलाकात जौनपुर की 26 वर्षीय उषा से हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनकी चार साल की बेटी स्वीटी है। 11 अगस्त को दिनेश पत्नी और बेटी के साथ मुंबई से प्रयागराज आया था। दिनेश के दूर के रिश्तेदार आशीष की मदद से जैतपुर में किराए का कमरा लेकर परिवार रहने लगा था।

बुधवार रात दिनेश अपने गांव चला गया। आरोप है कि आशीष पिछले दो-तीन दिनों से उषा पर उसके साथ गुजरात चलने का दबाव बना रहा था। उषा ने एक दिन पहले ही उसे फटकार लगाते हुए साफ इनकार कर दिया था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे आशीष कमरे पर पहुंचा। उस समय उषा खाना बना रही थी। आरोप है कि उसने पीछे से उषा का सिर पकड़ा और चाकू से उसका गला रेत दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

एक घंटे बाद रोती हुई घर से निकली बच्ची

वारदात के करीब एक घंटे बाद चार साल की स्वीटी रोती हुई घर से बाहर निकली। बच्ची को देखकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत के साथ सरायइनायत पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई। मृतका के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

30 रुपये में खरीदा था हत्या में इस्तेमाल चाकू

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर वारदात की पहले से तैयारी की थी। पुलिस के अनुसार, उसने हनुमानगंज बाजार से 30 रुपये में सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा और इसके बाद उषा के कमरे पर पहुंचा। खास बात यह है कि घटना से एक दिन पहले आशीष उसी घर में परिवार के साथ पार्टी में शामिल हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, आशीष को इस बात की जानकारी थी कि दिनेश रात में अपने गांव चला गया है और घर पर उषा अपनी बेटी के साथ अकेली है। जांच में यह भी सामने आया कि आशीष ने ही परिवार को जैतपुर में किराए का कमरा दिलाने में मदद की थी। वह अक्सर वहां आता-जाता था और सिलेंडर से लेकर राशन तक की व्यवस्था में मदद करता था।

बेटी ने पुलिस को बताई पूरी वारदात

घटना के बाद पुलिस ने मकान मालिक अनिल सोनी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में आशीष को वारदात के समय गली में आते-जाते देखा गया। वहीं, उषा की चार साल की बेटी ने भी पुलिस को घटना के बारे में बताया और आरोपी की पहचान की।

पुलिस के अनुसार, बच्ची ने बताया कि उसकी मां रसोई में काम कर रही थी, तभी आशीष पीछे से आया और चाकू से उसकी मां का गला रेत दिया। इसके बाद वह वहां से भाग गया। बच्ची के बयान और सीसीटीवी फुटेज को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

उषा पर बना रहा था साथ चलने का दबाव

पुलिस के मुताबिक, आरोपी आशीष दिहाड़ी मजदूरी करता है। उसके पिता प्रेमलाल पूर्व प्रधान हैं और पेंटिंग का काम करते हैं। आशीष की पत्नी कुछ साल पहले उसे छोड़कर जा चुकी है। दिनेश के परिवार के मुंबई से प्रयागराज लौटने के बाद उसकी उषा के परिवार से नजदीकियां बढ़ी थीं।

आरोप है कि आशीष लगातार उषा पर अपने पति और बेटी को छोड़कर उसके साथ नई जिंदगी शुरू करने का दबाव बना रहा था। जब उषा ने उसकी बात मानने से इनकार किया और पति को उसकी हरकत बताने की बात कही, तो वह नाराज हो गया। पुलिस इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।