दिल्ली

दिल्ली में हत्या की साजिश नाकाम, हिमांशु भाऊ गैंग के 2 संदिग्ध शूटर एनकाउंटर में घायल; एक नाबालिग भी शामिल

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने बक्करवाला इलाके में हत्या की कथित साजिश को नाकाम करते हुए हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े दो संदिग्ध शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों महिंद्रा थार में सवार होकर एक व्यक्ति की हत्या करने जा रहे थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों संदिग्ध घायल हो गए। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।

पुलिस को मिली थी हत्या की सूचना

दिल्ली पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की आरके पुरम टीम को सूचना मिली थी कि हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े शूटर बक्करवाला इलाके में एक व्यक्ति की हत्या करने पहुंच सकते हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली थी कि गैंग के सरगना हिमांशु भाऊ ने कथित तौर पर आरआरएम अस्पताल के मालिक डॉ. नरेंद्र शर्मा को धमकी दी थी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को एक महिंद्रा थार दिखाई दी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया।

पुलिस को देखते ही थार की रफ्तार बढ़ाई

पुलिस के मुताबिक, थार चालक ने टीम को देखते ही वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और फ्लाईओवर के पास यूईआर सर्विस रोड की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस ने वाहन का पीछा किया।

भागने के दौरान थार एक महिंद्रा पिकअप से टकरा गई। इसके बाद दोनों संदिग्ध वाहन छोड़कर बक्करवाला नाला रोड की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा कर उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।

पुलिस पर करीब 8 राउंड फायरिंग का आरोप

पुलिस का आरोप है कि आत्मसमर्पण करने के बजाय दोनों संदिग्धों ने 9 एमएम पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। दोनों की ओर से करीब आठ राउंड गोली चलाए जाने की बात पुलिस ने कही है।

इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, पहले छह राउंड चेतावनी के तौर पर हवा में फायर किए गए और इसके बाद संदिग्धों की ओर नियंत्रित फायरिंग की गई। मुठभेड़ के दौरान दोनों संदिग्धों को गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया।

दो ग्लॉक पिस्टल बरामद

पुलिस ने दोनों संदिग्धों के पास से दो ग्लॉक पिस्टल बरामद करने का दावा किया है। घायल दोनों आरोपियों को तत्काल इलाज के लिए आरटीआर अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए संदिग्धों में एक नाबालिग है, जबकि दूसरे की पहचान 19 वर्षीय समीर के रूप में हुई है। समीर रोहतक, हरियाणा के रिथल फोगाट का निवासी बताया गया है।

हत्या की साजिश और गैंग कनेक्शन की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों संदिग्ध किस व्यक्ति की हत्या के लिए बक्करवाला पहुंचे थे और उन्हें यह कथित सुपारी किसने दी थी। हिमांशु भाऊ गैंग से उनके संबंधों के साथ-साथ डॉ. नरेंद्र शर्मा को मिली कथित धमकी के एंगल से भी जांच की जा रही है।