दादरी में शहीद जवान को अंतिम विदाई, 8 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि; ट्रेनिंग के आखिरी दिन बिगड़ी थी तबीयत
चरखी दादरी: हरियाणा के चरखी दादरी जिले के कासनी गांव निवासी भारतीय सेना के जवान रवि प्रकाश सांगवान का बुधवार को पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बेंगलुरु में हवलदार की ट्रेनिंग के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद निधन हो गया था। तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर जब पैतृक गांव पहुंचा तो बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
8 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि
शहीद जवान की अंतिम यात्रा में ग्रामीणों और युवाओं ने बाइक काफिला निकाला। इस दौरान ‘अमर शहीद रवि प्रकाश अमर रहे’ के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। अंतिम संस्कार के दौरान रवि प्रकाश के 8 वर्षीय बेटे देव सांगवान ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई।
रवि प्रकाश के पिता कृष्ण सांगवान ने बेटे की शहादत पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि अब वह अपने 8 वर्षीय पोते को भी फौज में भेजकर देश सेवा के लिए तैयार करेंगे। दादरी विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि शहीद किसी जाति, गांव या धर्म का नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव और शान होता है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और सरकार व समाज की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
ट्रेनिंग के आखिरी दिन बिगड़ी थी तबीयत
रवि प्रकाश मंगलवार 18 अगस्त की सुबह बेंगलुरु में ग्राउंड पर फिजिकल एक्टिविटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। बताया जा रहा है कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई।
रवि प्रकाश वर्ष 2015 में मद्रास-16 इंजीनियरिंग रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। उनकी ड्यूटी कश्मीर में थी। कुछ समय से वह बेंगलुरु में हवलदार की ट्रेनिंग ले रहे थे। मंगलवार को उनकी ट्रेनिंग का आखिरी दिन था। परिवार में उनकी पत्नी और 8 साल का बेटा है।
सोमवार रात पत्नी और बेटे से की थी वीडियो कॉल
पिता श्रीकृष्ण सांगवान के मुताबिक, रवि प्रकाश ने सोमवार रात अपनी पत्नी और बेटे से वीडियो कॉल पर बात की थी। उन्होंने परिवार से कहा था कि ट्रेनिंग पूरी होने के बाद वह घर लौटेंगे। इसके अगले ही दिन ग्राउंड पर फिजिकल एक्टिविटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।
सिरसा की सांसद कुमारी शैलजा ने भी सोशल मीडिया के जरिए रवि प्रकाश के निधन पर दुख जताया। उन्होंने इसे बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना बताया।
