पंजाब

चंडीगढ़: चन्नी CWC की बैठक से रहे गैरहाजिर, पंजाब कांग्रेस में फिर उठे सवाल; इन नेताओं ने की शिरकत

चंडीगढ़: कांग्रेस मुख्यालय स्थित इंदिरा भवन में बुधवार को कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की महत्वपूर्ण बैठक हुई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों, राष्ट्रीय मुद्दों और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। पंजाब से कई वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल हुए, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी बैठक में मौजूद नहीं रहे। उनकी गैरमौजूदगी पंजाब कांग्रेस में चर्चा का विषय बन गई।

बैठक में पंजाब कांग्रेस प्रभारी महासचिव भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंद्र सिंह राजा वड़िंग, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, सांसद सुखजिंद्र सिंह रंधावा, मुनीष तिवारी और विजय इंदर सिंगला शामिल हुए। वहीं, चरणजीत सिंह चन्नी के बैठक में शामिल नहीं होने को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं सामने आईं।

जानकारी के मुताबिक, चन्नी पंजाब यूनिवर्सिटी में अपनी एमए की परीक्षा के चलते बैठक में शामिल नहीं हो सके। बताया गया है कि बैठक में अनुपस्थित रहने की अनुमति उन्होंने एक दिन पहले ही कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से ले ली थी। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी को लेकर पार्टी स्तर पर किसी तरह की आधिकारिक नाराजगी की जानकारी सामने नहीं आई है।

CWC की बैठक में आगामी महीनों में होने वाले पांच महत्वपूर्ण राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस की तैयारियों और संगठनात्मक एकजुटता पर भी मंथन किया गया। पार्टी ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के साथ चुनावी रणनीति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

पंजाब कांग्रेस के लिहाज से यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही थी क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के बीच मतभेद तथा अलग-अलग शक्ति केंद्रों के उभरने की चर्चाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। हालांकि, चन्नी की गैरमौजूदगी के कारण पंजाब से जुड़े इन मुद्दों पर बैठक में कोई निर्णायक चर्चा नहीं हो सकी।