उत्तर प्रदेश

गंगा एक्सप्रेसवे पर कुत्ते को बचाने में पलटी अर्टिगा, नेपाल से चंडीगढ़ जा रहे 3 लोगों की मौत; 6 घायल

बदायूं: गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चैनल नंबर 175 के पास सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने से चालक ने कार को बचाने की कोशिश की, लेकिन अर्टिगा अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में सवार 9 लोग नेपाल से चंडीगढ़ जा रहे थे। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाया।

कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित हुई कार

हादसा कुंवरगांव थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ। पुलिस के अनुसार, अर्टिगा में चालक समेत नौ लोग सवार थे। सभी नेपाल से चंडीगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चैनल नंबर 175 के पास अचानक एक कुत्ता कार के सामने आ गया। चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।

हादसे में नेपाल के डांग जिले की रहने वाली 32 वर्षीय दीपना खात्री और विपना सुनमगर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 22 वर्षीय एक अज्ञात पुरुष ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीनों शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज में रखे गए हैं। पुलिस पंचायतनामा की कार्रवाई कर रही है।

छह घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया

हादसे में नेपाली चालक दीपक ओली के अलावा पुष्पा, ज्ञान बहादुर मल्ल, यादव पोडे, विनोद और सिमोन घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बदायूं भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा को एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया में खड़ा करा दिया है। हादसे की जांच भी शुरू कर दी गई है।

महराजगंज में डंपर ने बाइक सवार चार युवकों को कुचला

महराजगंज में भी सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। निचलौल थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर चार युवक सवार थे और सभी एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए निचलौल जा रहे थे।

हादसा दमकी गांव के सामने गैस गोदाम के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, पचमा केवटान टोला निवासी सन्नी, किशन, विवेक और शिव एक ही बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान निचलौल की ओर जा रहे डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मचा कोहराम

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को एंबुलेंस से निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। एक साथ चार युवकों की मौत से पचमा गांव में मातम पसरा है।