जौहर यूनिवर्सिटी पर ED का बड़ा एक्शन, आजम खां से जुड़े कई ठिकानों पर छापे; 10 परिसरों में दस्तावेज खंगाले
रामपुर: समाजवादी पार्टी के महासचिव आजम खां और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार सुबह एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं और धनशोधन से जुड़े मामले की जांच के तहत की जा रही है। ईडी की टीम ने जौहर यूनिवर्सिटी से कई दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। आजम खां फिलहाल कई मामलों में सजा के बाद जेल में हैं।
रामपुर में करीब आधा दर्जन स्थानों पर ईडी की कार्रवाई चल रही है। इसके अलावा सहारनपुर में दो और दिल्ली में भी एक ठिकाने पर तलाशी ली जा रही है। सहारनपुर में चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक गुप्ता के आवास और कार्यालय की जांच की जा रही है। वहीं, दिल्ली में जौहर एसोसिएट्स के साझेदार सैयद खालिद के आवास पर भी ईडी ने छापा मारा है।
10 परिसरों में एक साथ चल रही जांच
ईडी के लखनऊ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार, यह मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े धनशोधन की जांच से संबंधित है। रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली के कुल 10 परिसरों में धनशोधन निवारण अधिनियम, 2002 की धारा 17 के तहत तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सरकारी ठेकों की रकम के कथित दुरुपयोग की पड़ताल
जांच के दायरे में निजी ठेकेदारों के माध्यम से सरकारी ठेकों की रकम के कथित दुरुपयोग और उसके बाद इस धन के इस्तेमाल से जुड़े मामले हैं। विश्वविद्यालय और ट्रस्ट की संपत्तियों के निर्माण से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
जांच के दौरान कुछ ठेकेदारों और ट्रस्ट के बीच हुए वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जानकारी सामने आई है। आरोप है कि सरकारी ठेकों से जुड़े ठेकेदारों ने ट्रस्ट और विश्वविद्यालय को कथित तौर पर बड़ी रकम दान की और निर्माण कार्यों समेत अन्य लाभ पहुंचाए।
ईडी इन आरोपों से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही सरकारी धन के कथित हस्तांतरण और उसके इस्तेमाल से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को भी तलाशा जा रहा है।
जौहर यूनिवर्सिटी में पहले भी पहुंची थी ईडी की टीम
जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े धनशोधन मामले में ईडी ने लखनऊ में केस दर्ज किया था। इससे पहले भी जांच एजेंसी यूनिवर्सिटी परिसर में कार्रवाई कर चुकी है। बुधवार की छापेमारी के बाद आजम खां और उनके करीबियों के बीच हलचल बढ़ गई है।
इन ठिकानों पर चल रही छापेमारी
मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट, रामपुर
मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी, रामपुर
चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक गुप्ता का सिल्वा मार्केट कार्यालय, अंबाला रोड, सहारनपुर
चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक गुप्ता का ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित आवास, दिल्ली रोड, सहारनपुर
मैसर्स ए एंड एस इंटरप्राइजेज, सिविल लाइंस, रामपुर
जौहर एसोसिएट्स के साझेदार सैयद खालिद का जसोला-जामिया नगर, दिल्ली स्थित आवास
सीके एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड, रामपुर
सीके एसोसिएट्स के निदेशक पवन कुमार जैन का सिविल लाइंस, रामपुर स्थित आवास
शाहीन खान का आवास, रामपुर
