अन्य राज्य

धनबाद में एनकाउंटर, प्रिंस खान के दो गुर्गों को पैर में लगी गोली; तीसरा आरोपी फरार

धनबाद: वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान के दो कथित गुर्गों को धनबाद पुलिस ने सोमवार रात मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मार दी। मुठभेड़ रात करीब 11 बजे बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक के पास हुई। घायल दोनों आरोपियों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। उनकी पहचान वासेपुर के नूरी रोड मस्जिद के पास रहने वाले इरफान अंसारी उर्फ टुन्ना और पुटकी निवासी नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे के रूप में हुई है।

रंगदारी वसूलने पहुंचने की मिली थी सूचना

पुलिस के मुताबिक, बरवाअड्डा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान के कुछ गुर्गे एक जमीन कारोबारी से रंगदारी की रकम वसूलने के लिए इलाके में पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद थाने की गश्ती टीम संदिग्धों की तलाश में जुट गई।

इसी दौरान निरंकारी चौक के पास पुलिस ने बाइक पर सवार तीन युवकों को जाते देखा। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि पुलिस की सक्रियता देखते ही बाइक सवारों ने फायरिंग शुरू कर दी।

पेट्रोलिंग वाहन से टकराई बाइक, जवाबी कार्रवाई में दो घायल

पुलिस के अनुसार, फायरिंग के बीच भागने की कोशिश में आरोपियों की बाइक पुलिस के गश्ती वाहन से टकरा गई। इसके बाद तीनों आरोपियों ने फायरिंग की आड़ में मौके से भागने का प्रयास किया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इरफान अंसारी उर्फ टुन्ना और नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे के पैर में गोली लगी। दोनों को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

एसएसपी बोले- गुर्गों से फोन पर बात कर रहा था गोपी खान

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान प्रिंस खान का बड़ा भाई गोपी खान कथित तौर पर आरोपियों से मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहा था। पुलिस ने घायल दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर आरोपियों की बाइक के पास शूटरों के हथियार भी पड़े मिले हैं। पुलिस इन हथियारों और मोबाइल फोन की जांच कर रही है।

फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी

मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद रांची से फॉरेंसिक एंड साइंस लैब की टीम धनबाद के लिए रवाना हो गई है। टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से मिले साक्ष्यों की जांच करेगी।

वहीं, मौके से फरार हुए तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस उसके बारे में मिली जानकारी के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।