ADR रिपोर्ट में बड़ा खुलासा! शिक्षा और घोषित संपत्ति दोनों में उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों से आगे निकले CM सुक्खू
शिमला: एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और नेशनल इलेक्शन वॉच की वर्ष 2026 की विश्लेषणात्मक रिपोर्ट में उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों की शैक्षणिक योग्यता और घोषित संपत्ति को लेकर कई अहम तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिक्षा और घोषित संपत्ति, दोनों मामलों में उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों में अग्रणी हैं।
शिक्षा के मामले में शीर्ष नेताओं में शामिल सुक्खू
रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर (एमए) और विधि स्नातक (एलएलबी) की डिग्री प्राप्त की है। उत्तर भारत के संदर्भ में उनकी शैक्षणिक योग्यता उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (एमए, एलएलबी) और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा (एमए) के समकक्ष बताई गई है।
वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शैक्षणिक योग्यता बीएससी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एलएलबी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की योग्यता 12वीं पास दर्ज की गई है।
घोषित संपत्ति में भी सबसे आगे
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार सुखविंदर सिंह सुक्खू की कुल घोषित चल और अचल संपत्ति 7.81 करोड़ रुपये है। रिपोर्ट में उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों की तुलना में यह सबसे अधिक बताई गई है।
रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषित संपत्ति 4 से 5 करोड़ रुपये, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की 3.34 करोड़ रुपये, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की 1.97 करोड़ रुपये, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 1.54 करोड़ रुपये तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की घोषित संपत्ति 1.50 से 2 करोड़ रुपये के बीच दर्ज की गई है।
एडीआर रिपोर्ट में चुनावी हलफनामों का विश्लेषण
रिपोर्ट चुनावी हलफनामों के विश्लेषण पर आधारित है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की शैक्षणिक योग्यता और घोषित वित्तीय स्थिति का तुलनात्मक अध्ययन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों के बीच शिक्षा और घोषित संपत्ति दोनों मानकों पर अग्रणी स्थान पर हैं।
