खाद वितरण पर CM योगी का बड़ा एक्शन, कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश; बोले- किसानों को नहीं होगी उर्वरक की कमी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसानों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने कृषि एवं संबंधित विभागों को खाद वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी करने, तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने और कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
किसानों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर विश्वास न करें तथा अनावश्यक रूप से उर्वरकों का भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया गया है।
प्रदेश में पर्याप्त खाद का स्टॉक मौजूद
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि खरीफ सीजन 2026 के तहत 27 जुलाई तक प्रदेश में 28.25 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों की बिक्री हो चुकी है, जबकि 29.05 लाख मीट्रिक टन उर्वरक अभी भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों तक समय पर खाद पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
यूरिया सहित सभी प्रमुख उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता
सरकारी आंकड़ों के अनुसार 1 अप्रैल से 27 जुलाई तक 20.47 लाख मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया गया है, जबकि 14.77 लाख मीट्रिक टन यूरिया अभी उपलब्ध है। इसी अवधि में 3.96 लाख मीट्रिक टन डीएपी का वितरण हुआ और 4.81 लाख मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। इसके अलावा एनपीके, एसएसपी और एमओपी उर्वरकों का भी पर्याप्त स्टॉक प्रदेश में मौजूद है, ताकि किसानों को जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जा सके।
18 मंडलों में उपलब्ध है पर्याप्त यूरिया
कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यदि किसी जिले में किसानों को खाद वितरण से संबंधित कोई समस्या आती है तो वे अपने जनपद या मंडल के कृषि अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। विभाग की ओर से सभी जिलों में खाद की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निगरानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही खाद वितरण प्रणाली में आने वाली तकनीकी समस्याओं का तुरंत समाधान कर किसानों को बिना किसी परेशानी के उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
