Monday, July 27, 2026
Latest:
दिल्ली

CJP प्रदर्शन के बाद दिल्ली मेट्रो पूरी तरह शुरू, लेकिन 7 स्टेशनों पर रहेगी परेशानी; DMRC ने जारी की एडवाइजरी

नई दिल्ली: CJP के प्रदर्शन के समाप्त होने के बाद दिल्ली मेट्रो की सेवाएं पूरी तरह सामान्य हो गई हैं। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा कारणों से बंद किए गए सभी 18 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार फिर से खोल दिए गए हैं। हालांकि, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने यात्रियों के लिए नई एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि येलो और ग्रीन लाइन के सात स्टेशनों पर एस्केलेटरों की मेजर ओवरहॉलिंग के कारण अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

7 स्टेशनों पर एस्केलेटर रहेंगे बंद

डीएमआरसी के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर संचालन के लिए कुछ एस्केलेटरों की मेजर ओवरहॉलिंग की जा रही है। इस दौरान संबंधित स्टेशनों पर कुछ एस्केलेटर अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। प्रभावित स्टेशनों में पीरागढ़ी, अर्जनगढ़, गुरु द्रोणाचार्य, सिकंदरपुर, एमजी रोड, इफको चौक और मिलेनियम सिटी सेंटर, गुरुग्राम शामिल हैं।

यात्रियों को लिफ्ट इस्तेमाल करने की सलाह

डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि इन स्टेशनों से यात्रा करने के दौरान अतिरिक्त समय लेकर निकलें। जहां एस्केलेटर उपलब्ध नहीं होंगे, वहां यात्रियों को लिफ्ट का उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि स्टेशन पर आवाजाही सुचारु बनी रहे।

तीन स्टेशनों पर फिर शुरू हुई एस्केलेटर सेवा

दिल्ली मेट्रो ने यह भी जानकारी दी है कि ग्रीन और येलो लाइन के तीन स्टेशनों पर एस्केलेटर की मेजर ओवरहॉलिंग का कार्य पूरा हो चुका है। अब पीरागढ़ी (लोअर कॉनकोर्स से अपर कॉनकोर्स), एमजी रोड (कॉनकोर्स से प्लेटफॉर्म-1) और इफको चौक (कॉनकोर्स से प्लेटफॉर्म-1) पर एस्केलेटर सेवा दोबारा शुरू कर दी गई है। डीएमआरसी ने यात्रियों के सहयोग और धैर्य के लिए आभार भी व्यक्त किया।

प्रदर्शन के बाद खुले सभी 18 मेट्रो स्टेशन

CJP के जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन समाप्त होने के बाद सुरक्षा प्रतिबंध हटा लिए गए हैं और पिछले चार दिनों से बंद सभी 18 मेट्रो स्टेशनों पर सामान्य आवाजाही बहाल कर दी गई है। अब यात्रियों के लिए प्रवेश और निकास की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध है।

इन स्टेशनों पर बहाल हुई सामान्य आवाजाही

जिन स्टेशनों को पहले सुरक्षा कारणों से बंद किया गया था, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली शामिल हैं। सभी स्टेशनों पर अब मेट्रो सेवाएं और यात्रियों की आवाजाही सामान्य रूप से संचालित हो रही है।