उत्तर प्रदेश

UP Weather Update: लखनऊ समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग ने इसे लेकर कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत और बदायूं समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश और ओले गिर सकते हैं। वहीं राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं।

कानपुर में मई का सबसे गर्म दिन और रात रिकॉर्ड

उधर कानपुर में सोमवार को मई सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिक नमी के कारण उमस भी बढ़ गई है, जिससे लोगों को वास्तविक तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस हुई।

सोमवार को कानपुर का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम होने के बावजूद इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। वहीं न्यूनतम तापमान बढ़कर 25.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस सीजन की सबसे गर्म रात मानी जा रही है।

हीट इंडेक्स 50 के पार, उमस ने बढ़ाई परेशानी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार तापमान के साथ नमी बढ़ने से उमस में काफी इजाफा हुआ है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार नमी आने के कारण वातावरण में चिपचिपाहट बनी हुई है। अधिकतम नमी 61 प्रतिशत और न्यूनतम नमी 35 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई।

विशेषज्ञों के मुताबिक नमी बढ़ने से हीट इंडेक्स 50 के पार पहुंच गया है। ऐसी स्थिति में शरीर से निकलने वाला पसीना जल्दी सूख नहीं पाता, जिससे गर्मी का असर और ज्यादा महसूस होता है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, हवा की दिशा में बदलाव और चक्रवाती परिस्थितियों के कारण प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। मई महीने में अब तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंच पाया है।

इसके उलट कानपुर में सामान्य से करीब 200 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 13 और 14 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी, जबकि 15 से 20 मई के बीच मौसम में कुछ स्थिरता आ सकती है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आंधी, मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

लखनऊ समेत कई जिलों में यलो अलर्ट

यलो अलर्ट के तहत लखनऊ, अयोध्या, कासगंज, फर्रुखाबाद, गोंडा, श्रावस्ती, रामपुर, संभल, अमरोहा, मुरादाबाद, मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर समेत कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न जाने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।