हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में निर्माणाधीन पुल ढहा, करोड़ों की परियोजना पर उठे सवाल; शाहपुर में बीच से भरभराकर गिरा स्ट्रक्चर

शिमला: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से बन रहा एक निर्माणाधीन पुल अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह पुल शाहपुर की धनोटू-ललेटा-बनुमहादेव सड़क पर चंबी खड्ड के ऊपर बनाया जा रहा था।

स्थानीय लोगों के लिए यह पुल बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था, क्योंकि इसके निर्माण से धनोटू क्षेत्र की जनता को सीधा लाभ मिलने वाला था। जानकारी के अनुसार पुल निर्माण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका था, लेकिन इसी दौरान पूरा ढांचा बीच से ढह गया। घटना के बाद निर्माण एजेंसी और तकनीकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

डिजाइन और निर्माण गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

पुल गिरने की घटना के बाद इसके डिजाइन, तकनीकी मानकों और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर जांच की मांग तेज हो गई है। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान विभागीय निगरानी और सुपरविजन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय स्तर पर इस मामले को बड़ी लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है।

विधायक ने दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश

घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मामले का संज्ञान लिया और उच्चस्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी ठेकेदार या संबंधित अधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने किया निरीक्षण

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीएम ठाकुर, अधिशासी अभियंता नीरज जसवाल और एसडीओ बलबीत दयोलिया भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पुल गिरने के कारणों का प्रारंभिक आकलन किया।

फिलहाल प्रशासन की ओर से विस्तृत जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।