200 रुपये के विवाद में युवक की बेरहमी से हत्या, दोस्त ही बन गया कातिल; लोहे की चेन और ताले से पीट-पीटकर ले ली जान
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में महज 200 रुपये के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात तीन लोगों ने अपने ही परिचित युवक पर लोहे की चेन और ताले से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।
500 रुपये के लेनदेन से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान चौधरी सराय निवासी 28 वर्षीय शाहिद के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटर था। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि शाहिद ने नईम, फजल और वासिफ से 500 रुपये उधार लिए थे।
बताया गया कि शाहिद 300 रुपये पहले ही लौटा चुका था और केवल 200 रुपये बाकी थे। इसी रकम को लेकर रविवार रात करीब 11 बजे कबूलपुरा इलाके की आजाद गली के पास तीनों आरोपियों ने शाहिद को घेर लिया।
लोहे की चेन और ताले से किया हमला
पुलिस के अनुसार, मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि नईम, फजल और वासिफ ने शाहिद पर लोहे की भारी चेन और ताले से हमला कर दिया।
हमले में शाहिद की छाती, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायल शाहिद को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने नईम और वासिफ को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी फजल फरार बताया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत, परिवार में मचा कोहराम
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली रकम को लेकर इस तरह की वारदात ने सभी को झकझोर दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
