मसूरी-देहरादून मार्ग पर दूसरा बैलीब्रिज चालू, पर्यटन सीजन में जाम से मिलेगी बड़ी राहत
देहरादून। मसूरी-देहरादून रोड पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए कुठालगेट शिव मंदिर के पास बनाए गए दूसरे अस्थायी बैलीब्रिज को जनता के लिए खोल दिया गया है। शुक्रवार देर रात कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पुल का उद्घाटन कर इसे आवागमन के लिए समर्पित किया। उद्घाटन से पहले उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण भी किया।
पर्यटन सीजन में जाम से राहत के लिए बनाया गया अस्थायी पुल
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर पर्यटन सीजन के दौरान वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए स्थायी पुल के निर्माण तक राहत देने के लिए इस अस्थायी बैलीब्रिज का निर्माण कराया गया है।
समय सीमा में कार्य पूरा करने पर विभाग की सराहना
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर पुल का निर्माण पूरा कर बेहतर कार्य किया गया है। इस पहल से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।
सीएम धामी का जताया आभार, यातायात सुचारू होने की उम्मीद
मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार जनता की सुविधा के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बैलीब्रिज के शुरू होने से क्षेत्र में जाम की समस्या कम होगी और लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और क्षेत्र के लोग भी मौजूद रहे।
