धनबाद में बेखौफ अपराधियों का तांडव: कोयला कारोबारी को देर रात मारी गोली, हालत नाजुक, संदिग्ध कार से मिले सुराग
झारखंड के धनबाद जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जहां देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक कोयला कारोबारी को गोली मार दी। घटना तेतुलमारी थाना क्षेत्र के शक्ति चौक के पास की है। घायल कारोबारी की पहचान कतरास निश्चिंतपुर निवासी मनीष सिंह के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गोली लगते ही मची अफरातफरी, हालत गंभीर
जानकारी के मुताबिक, वारदात के तुरंत बाद मनीष सिंह को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
संदिग्ध हालत में मिली कार, शीशे पर गोली के निशान
घटना के कुछ ही देर बाद बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के किसान चौक के पास जेएच 01डीआर-0665 नंबर की एक सफेद कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। कार के शीशे पर गोली के निशान पाए गए, जबकि अंदर खून के धब्बे भी मिले। हालांकि, वाहन में उस समय कोई मौजूद नहीं था। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
कार में ही हुई फायरिंग की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गोलीबारी की घटना इसी वाहन में हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
सीसीटीवी खंगाले जा रहे, संदिग्धों की तलाश तेज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
