Monday, April 20, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेश

काशी विश्वनाथ धाम और गंगा घाट के पास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए योगी सरकार लगाएगी 225 डिजिटल लगेज लॉकर, मोबाइल से लेकर सूटकेस तक सुरक्षित रखने की मिलेगी सुविधा

वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अब अपने सामान की सुरक्षा को लेकर चिंता नहीं करनी पड़ेगी। योगी सरकार की ओर से मंदिर और घाटों के आसपास डिजिटल लगेज लॉकर की सुविधा शुरू की जा रही है, जिसमें मोबाइल फोन से लेकर सूटकेस तक सुरक्षित रूप से रखा जा सकेगा। इन लॉकरों के उपयोग के लिए डिजिटल भुगतान की व्यवस्था भी उपलब्ध होगी, जिससे श्रद्धालु आसानी से अपनी सुविधा के अनुसार इनका उपयोग कर सकेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर लगेंगे लॉकर
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जानकारी दी है कि यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह डिजिटल लगेज लॉकर व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। इसे दशाश्वमेध घाट के पास स्थित दशाश्वमेध प्लाजा, गोदौलिया, टाउन हॉल और बेनियाबाग पार्किंग जैसे प्रमुख स्थानों पर स्थापित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु आसानी से अपने सामान को सुरक्षित रखकर घाटों और मंदिरों में भ्रमण कर सकें।

225 डिजिटल लॉकर, चार श्रेणियों में उपलब्ध सुविधा
जानकारी के अनुसार कुल 225 डिजिटल लगेज लॉकर लगाए जाएंगे। इनमें छोटे, मध्यम, बड़े और एक्स्ट्रा लार्ज चार श्रेणियों के लॉकर शामिल होंगे। इन लॉकरों में मोबाइल फोन, छोटे बैग, बड़े बैग और सबसे बड़े लॉकर में दो सूटकेस तक रखने की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे श्रद्धालु बिना किसी बाधा के काशी के धार्मिक स्थलों का भ्रमण और गंगा स्नान कर सकेंगे।

अक्षय तृतीया पर काशी में भव्य धार्मिक आयोजन
अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धा और परंपरागत विधि-विधान के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीहरि विष्णु के बद्रीनारायण स्वरूप का भव्य श्रृंगार भी किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने काशी में दर्शन किए और गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। वहीं मंदिर न्यास की ओर से सनातन परंपरा का पालन करते हुए आज से पवित्र श्रावण मास तक भगवान श्री विश्वनाथ के विग्रह पर ‘कुंवरा’ (शॉवर) की स्थापना भी की गई है।