हरियाणा

गुरुग्राम के 6 सेक्टरों को मिलेगा नया कनेक्शन, गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ने के लिए बनेगी नई सड़क

गुरुग्राम: मिलेनियम सिटी गुरुग्राम के हजारों लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से राहत मिल सकती है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने सेक्टर-68 और सेक्टर-69 के बीच नई सड़क निर्माण की तैयारी तेज कर दी है। इस सड़क के बनने से सेक्टर-68, 69, 70, 70ए, 75 और 75ए को सीधे गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ने का रास्ता तैयार होगा। इसके अलावा आसपास के गांवों को भी इसका लाभ मिलेगा।

दो किलोमीटर लंबी सड़क से बेहतर होगी कनेक्टिविटी

प्रस्तावित सड़क की कुल लंबाई करीब दो किलोमीटर है। इसमें से 1.1 किलोमीटर हिस्से का निर्माण चार वर्ष पहले पूरा हो चुका था, लेकिन भूमि अधिग्रहण विवाद के कारण करीब 900 मीटर हिस्से का निर्माण लंबे समय से रुका हुआ था।

पिछले वर्ष जीएमडीए ने नोडल अधिकारी आरएस बाठ के नेतृत्व में सड़क निर्माण में बाधा बन रहे मकानों को हटाने की कार्रवाई की थी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से जमीन का कब्जा मिलने के बाद अब जीएमडीए ने इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।

25.37 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी आधुनिक सड़क

जीएमडीए ने इस सड़क परियोजना के लिए 25.37 करोड़ रुपये का अनुमान तैयार किया है। योजना के तहत तीन-तीन लेन की मुख्य सड़क के साथ दोनों ओर दो-दो लेन की सर्विस रोड बनाई जाएगी। इसके अलावा फुटपाथ और वर्षा जल निकासी के लिए नाला भी विकसित किया जाएगा।

इस सड़क के तैयार होने से छह सेक्टरों के साथ-साथ पलड़ा और हसनपुर गांव के लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

एसपीआर के ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

वर्तमान में इन सेक्टरों के करीब 10 हजार से अधिक परिवारों को आवागमन के लिए सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) का उपयोग करना पड़ता है। द्वारका एक्सप्रेसवे और गुरुग्राम-सोहना हाईवे को जोड़ने वाली इस सड़क पर रोजाना लगभग 80 हजार वाहन गुजरते हैं। सुबह और शाम के व्यस्त समय में करीब पांच किलोमीटर का सफर तय करने में 40 से 45 मिनट तक लग जाते हैं।

नई सड़क बनने के बाद लोगों को वाटिका चौक और बादशाहपुर की ओर जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और एसपीआर पर ट्रैफिक का दबाव भी घटेगा।

एक साल में पूरा होगा निर्माण कार्य

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीसी मीणा ने बताया कि टेंडर आवंटित होने के बाद एक वर्ष के भीतर सड़क निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद एसपीआर पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आसपास के सेक्टरों के लोगों को गुरुग्राम-सोहना हाईवे तक पहुंचने के लिए बेहतर और सुगम वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।