योगी सरकार देगी युवाओं को बड़ा सम्मान, मिलेगा ₹1 लाख का विवेकानंद यूथ अवार्ड; 10 जुलाई तक करें आवेदन
बहराइच: उत्तर प्रदेश सरकार सामाजिक, राष्ट्रीय और जनहित के कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को सम्मानित करने जा रही है। युवा कल्याण विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए व्यक्तिगत श्रेणी में प्रतिष्ठित विवेकानंद यूथ अवार्ड प्रदान किया जाएगा। इस पुरस्कार के तहत चयनित युवाओं को मुख्यमंत्री की ओर से एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि सहित कई सम्मान दिए जाएंगे।
यह सम्मान उन युवा पुरुष और महिलाओं को दिया जाएगा, जिन्होंने समाज और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य किए हैं।
2022 से 2025 के बीच किए गए कार्यों का होगा मूल्यांकन
युवा कल्याण विभाग के अनुसार, एक अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2025 के बीच किए गए कार्यों के आधार पर पुरस्कार के लिए चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन 10 जुलाई 2026 तक विकास भवन स्थित युवा कल्याण विभाग के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
15 से 35 वर्ष के युवा कर सकते हैं आवेदन
विवेकानंद यूथ अवार्ड के लिए 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा पात्र होंगे। यह सम्मान खेल, सामाजिक सेवा, पौधरोपण, परिवार कल्याण, रक्तदान, नशामुक्ति अभियान, जल संरक्षण, पुस्तकालय स्थापना, जैविक खेती, सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना, स्वच्छता अभियान, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, संस्कृत एवं साहित्य, पारंपरिक चिकित्सा और सामुदायिक सेवा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को दिया जाएगा।
एक लाख रुपये के साथ मिलेगा पदक और प्रमाण-पत्र
पुरस्कार के तहत चयनित युवाओं को एक लाख रुपये की नकद राशि, पदक, प्रमाण-पत्र और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा प्रदान की जाएगी। यह सम्मान मुख्यमंत्री की ओर से दिया जाएगा।
इन नंबरों पर प्राप्त कर सकते हैं जानकारी
प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी राजकुमार ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया और पात्रता से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विनम्र शुक्ल के मोबाइल नंबर 6394188538 तथा आलोक सिंह के मोबाइल नंबर 9336715416 पर संपर्क किया जा सकता है।
