क्या चिराग पासवान बनेंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री? नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद तेज हुई सियासी चर्चा
पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों मुख्यमंत्री पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। राज्य के मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन करने के बाद प्रदेश की सियासत में नए समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है। उनके राष्ट्रीय राजनीति की ओर बढ़ने के संकेतों के बीच अब राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं और भारतीय जनता पार्टी संभावित चेहरों पर मंथन करती नजर आ रही है।
इसी बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सहयोगी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठने लगी है। पार्टी के कुछ नेताओं ने खुलकर उनके नाम की पैरवी शुरू कर दी है।
पार्टी प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर उठाई मांग
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश प्रवक्ता मनीष सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से चिराग पासवान को बिहार की सत्ता सौंपने की मांग की है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राष्ट्रीय राजनीति में लौटना एक ऐतिहासिक निर्णय है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की कार्यशैली, सुशासन की नीति और प्रशासनिक अनुभव का उदाहरण अन्य राज्यों के नेता भी देते हैं। उनके राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होने से पूरे देश को उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ मिल सकेगा।
बिहार को चाहिए नई सोच और नई ऊर्जा का नेतृत्व
मनीष सिंह ने आगे कहा कि बिहार को अब नई ऊर्जा और नई सोच वाले नेतृत्व की आवश्यकता है। ऐसे में चिराग पासवान जैसे युवा नेता को राज्य की कमान सौंपने का अवसर मिलना चाहिए। उनका मानना है कि यह केवल राजनीतिक परिवर्तन नहीं होगा, बल्कि इससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों का लोकतंत्र पर विश्वास और मजबूत होगा तथा सामाजिक न्याय की भावना को भी बल मिलेगा।
‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ विजन का दिया हवाला
अपने बयान में उन्होंने यह भी कहा कि चिराग पासवान एक शिक्षित और दूरदर्शी नेता हैं। यदि उन्हें बिहार की जनता की सेवा मुख्यमंत्री के रूप में करने का मौका मिलता है तो अपने ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के विजन के जरिए वह राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में काम कर सकते हैं।
इससे पहले भी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बिहार प्रभारी और सांसद अरुण भारती ने सार्वजनिक रूप से यह इच्छा जताई थी कि वह चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनते हुए देखना चाहते हैं।
