पंजाब

पंजाब में अचानक बदला मौसम, मार्च में ही महसूस होने लगी मई जैसी गर्मी

गुरदासपुर। पंजाब में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और मार्च के शुरुआती दिनों में ही लोगों को मई जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर के समय तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक धूप इतनी तेज हो रही है कि लोगों को सिर ढककर घर से निकलना पड़ रहा है और कुछ मिनट भी धूप में खड़ा रहना मुश्किल हो रहा है।

दोपहर के समय तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने लगा है, जिससे गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए कई लोग अभी से पंखे चलाने लगे हैं, हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे लेकर सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।

अगले तीन दिनों में मौसम बिगड़ने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना है। मार्च का महीना आगे बढ़ने के साथ ही गर्मी का असर भी तेज होता जा रहा है। यह वह समय होता है जब सर्दी पूरी तरह खत्म नहीं होती और गर्मी भी पूरी तरह शुरू नहीं होती, ऐसे में मौसम का यह बदलाव स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में बारिश नहीं होती है तो तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। मार्च के महीने में ही तेज धूप और गर्मी के कारण लोगों को पसीना आने लगा है।

लोगों ने समेटे गर्म कपड़े, बदला पहनावा

बढ़ती गर्मी के असर के चलते लोगों ने अब गर्म कपड़े समेटने शुरू कर दिए हैं। शहर में कई लोग आधी बाजू के कपड़े पहनते नजर आ रहे हैं। दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है, इसलिए कई लोग घरों में ही रहने को मजबूर हैं और पंखे चलाकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर मार्च महीने में ही इतनी गर्मी महसूस हो रही है तो आने वाले महीनों में हालात और भी कठिन हो सकते हैं।

डॉक्टरों की सलाह: बाहर से आते ही पंखा न चलाएं

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार मौसम के इस बदलाव के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह और शाम हल्की ठंड और दोपहर में गर्मी होने के कारण शरीर जल्दी प्रभावित हो सकता है।

डॉक्टरों का कहना है कि कई लोग बाहर से गर्मी में घर लौटते ही तुरंत पंखा चला लेते हैं, जिससे शरीर में अचानक तापमान का फर्क पड़ता है और सर्द-गर्म की स्थिति बन जाती है। इसके कारण बुखार और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए बाहर से आने के बाद कुछ देर सामान्य तापमान में बैठना चाहिए, जिससे शरीर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आ जाए।