Monday, March 2, 2026
बिहार

बिहार विधानसभा में 12,165 करोड़ का विनियोग विधेयक पास, जवाब से असंतुष्ट विपक्ष का वॉकआउट

पटना। बिहार विधानसभा ने बुधवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 12,165 करोड़ रुपये से अधिक के तृतीय अनुपूरक बजट से जुड़े विनियोग विधेयक को पारित कर दिया। सदन में ध्वनिमत से विधेयक मंजूर हुआ, लेकिन सरकार के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी सदस्यों ने विरोध स्वरूप वॉकआउट कर दिया।

सोमवार को पेश हुआ था तृतीय अनुपूरक बजट
वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सोमवार को 12,165 करोड़ रुपये से अधिक का तृतीय अनुपूरक बजट विधानसभा में प्रस्तुत किया था। चर्चा के बाद इसे बुधवार को ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। मतदान के दौरान विपक्ष ने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए सदन से बहिर्गमन किया।

योजना और प्रतिबद्ध व्यय के लिए अलग-अलग प्रावधान
चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के इस अनुपूरक बजट में वार्षिक योजना मद के तहत 9,586.39 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि स्थापना एवं प्रतिबद्ध व्यय मद के लिए 2,579.04 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

इन योजनाओं के लिए भी तय हुई राशि
बजट में समग्र शिक्षा अभियान के लिए केंद्रांश के रूप में 41.82 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 1,013 करोड़ रुपये और आंगनवाड़ी केंद्रों पर पूरक पोषाहार के लिए 633.63 करोड़ रुपये का प्रावधान शामिल है। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के लिए केंद्रांश के रूप में 1,184 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।