देहरादून में सब्जी विक्रेता महिला से मारपीट, लक्ष्मण चौक पर बवाल; क्षेत्र में पुलिस बल तैनात
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित लक्ष्मण चौक में एक सब्जी बेचने वाली महिला के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि कुछ मुस्लिम युवकों ने महिला से विवाद के बाद उसके साथ हाथापाई की। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
फल खरीदने के बाद लौटकर की गाली-गलौज और हमला
पीड़िता लक्ष्मी देवी सोनकर ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठी थीं, तभी एक 16-17 वर्षीय युवक फल खरीदकर चला गया। कुछ समय बाद वह दोबारा दुकान पर लौटा और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि युवक ने फल फेंकते हुए उन पर हमला किया, थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी दी।
महिला के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें सड़क की ओर धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गया।
पहले भी मारपीट का आरोप, इस बार दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी पहले उनकी माता के साथ भी मारपीट कर चुका है, लेकिन उस समय कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी। इस बार शिकायत के आधार पर सलीम निवासी शिव नगर कॉलोनी, कांवली रोड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना के बाद लक्ष्मण चौक क्षेत्र में माहौल गरमा गया। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
