Monday, March 2, 2026
उत्तराखंड

Uttarakhand Weather Update: नैनीताल में कम होगी ठंड, बढ़ेगा तापमान; शुष्क मौसम का अलर्ट जारी

उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में मौसम का रुख बदलने लगा है। एनसीएमआरडब्ल्यूएफ और आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में यहां मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड का असर कम होता नजर आएगा। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी सीमित रहने की संभावना है और इसका असर केवल तीन हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक ही हल्की बारिश या हिमपात के रूप में सिमट सकता है।

कमजोर पड़े पश्चिमी विक्षोभ, सूखे में बीता शीतकाल
आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. नरेंद्र सिंह के अनुसार इस सीजन पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता कमजोर रही है। इसी वजह से सर्दियों का अधिकांश समय शुष्क परिस्थितियों में बीत गया और आने वाले दिनों में भी बर्फबारी या व्यापक वर्षा की संभावना कम है। राष्ट्रीय मध्यम श्रेणी मौसम पूर्वानुमान केंद्र की भविष्यवाणी भी इसी संकेत की पुष्टि करती है।

फरवरी के अंत तक तापमान में बढ़ोतरी के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार फरवरी के अंतिम सप्ताह तक तापमान बढ़ने लगेगा। इस दौरान दिन में धूप खिली रहेगी, हालांकि धुंध की मौजूदगी मौसम के स्वरूप को बदल सकती है। मौसम विभाग देहरादून के निदेशक सीएस तोमर के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मंगलवार और बुधवार को हल्का बदलाव संभव है, जिसका प्रभाव मुख्यतः ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की वर्षा या बर्फबारी के रूप में दिखेगा।

दिन में धूप, शाम को धुंध से बढ़ी ठंड
रविवार को नैनीताल में दिन के समय तेज धूप रही और तापमान में हल्की गर्माहट महसूस हुई, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादल घिरने से धुंध छा गई और शाम तीन बजे के आसपास ठंड बढ़ गई। शाम पांच बजे धुंध छंटने के बाद मौसम फिर सुहावना हो गया। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।