उत्तर प्रदेश

UP Weather Today: 24 घंटे बाद बदलेगा यूपी का मौसम, गरज-चमक के साथ इन जिलों में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में मौसम का रुख तेजी से बदल रहा है और धूप की तीव्रता लोगों को परेशान करने लगी है। लखनऊ समेत कई जिलों में बादल छंटने के बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 16–17 फरवरी को सक्रिय विक्षोभ का असर बना रहेगा और 18 फरवरी को इसका प्रभाव और स्पष्ट दिखेगा। पिछले 24 घंटे में रात के तापमान में करीब 1 डिग्री और दिन के तापमान में लगभग 2.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि हवा की रफ्तार विभिन्न शहरों में 3.8 से 7.9 किमी प्रति घंटा के बीच रही।

आज से बादल बढ़ने के संकेत
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक अगले 24 घंटे बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव शुरू होगा। 16 और 17 फरवरी को बादल छाने की संभावना है, जबकि 18 फरवरी को कानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, इटावा, अलीगढ़, हाथरस और जालौन समेत आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इससे दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

आज इन जिलों में बादलों की दस्तक
आज यानी 16 फरवरी को गोरखपुर, बलिया, अयोध्या, लखीमपुर और बस्ती में दिन के समय बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिमी यूपी के मेरठ, शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बरेली और मुरादाबाद में अगले दिन हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।