Monday, March 2, 2026
उत्तराखंड

उत्तराखंड में शिक्षकों का दो दिन का कार्य बहिष्कार ऐलान: शिक्षा निदेशक पर हमले से भड़का आक्रोश, गिरफ्तारी न हुई तो आंदोलन की चेतावनी

देहरादून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में पूरे उत्तराखंड में शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने कड़ा रुख अपना लिया है। रविवार को नानूरखेड़ा स्थित शिक्षा निदेशालय में विभिन्न शिक्षक संगठनों की संयुक्त बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 और 24 फरवरी को सभी कर्मचारी कार्यालयों में हस्ताक्षर करने के बाद कार्य बहिष्कार करेंगे।

मुख्य सचिव की बैठक में सुरक्षा SOP की मांग
बैठक में तय हुआ कि मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट एसओपी जारी करने की मांग रखी जाएगी। हालांकि फिलहाल उत्तराखंड परिषदीय बोर्ड परीक्षाओं का बहिष्कार नहीं किया जाएगा।

गिरफ्तारी न हुई तो आंदोलन की चेतावनी
राजकीय शिक्षक संघ के प्रांत अध्यक्ष राम सिंह चौहान और महामंत्री रमेश पैन्युली के नेतृत्व में हुई बैठक में शिक्षकों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यदि विधायक समेत अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो शिक्षक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। शिक्षकों ने सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।

25 फरवरी से अनिश्चितकालीन बहिष्कार का अल्टीमेटम
बैठक में स्पष्ट किया गया कि दो दिन में सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 25 फरवरी से सभी कार्यालयों में कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा। सोमवार को विभिन्न शिक्षक संगठन शिक्षा निदेशालय ननूरखेड़ा में एकत्र होंगे।

लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला: डॉ. अंकित जोशी
राजकीय शिक्षक संघ एससीईआरटी शाखा के पूर्व अध्यक्ष डॉ अंकित जोशी ने कहा कि किसी अधिकारी पर कार्यालय परिसर में हमला न सिर्फ व्यक्तिगत सुरक्षा पर हमला है, बल्कि शासन-प्रशासन की संस्थागत गरिमा और विधि व्यवस्था पर भी गंभीर चोट है।

राष्ट्रीय स्तर पर भी विरोध की चेतावनी
अखिल भारतीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश त्यागी और महामंत्री सुभाष चौहान ने कहा कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो शिक्षक व्यापक आंदोलन करेंगे।

काली पट्टी बांधकर करेंगे प्रदर्शन
उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर शिक्षक काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे। शिक्षक भवन रेसकोर्स में हुई बैठक की अध्यक्षता गोविंद बोहरा ने की और संचालन दिगंबर सिंह नेगी ने किया। बैठक में धर्मेंद्र सिंह रावत, किशोर जोशी, मुकेश नेगी, जनक बिष्ट और प्रकाश जोशी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।