Monday, March 2, 2026
उत्तर प्रदेश

मथुरा में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार नहर में गिरी, चार युवकों की मौत

मथुरा। मथुरा के मगोर्रा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। डीग रोड पर नगला देविया नहर के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कार को नहर से बाहर निकाला गया। इसके बाद चारों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मथुरा से डीग लौट रहे थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार राहुल (23), अमित (22), मोहित और उनका एक अन्य दोस्त मथुरा से राजस्थान के डीग की ओर लौट रहे थे। जैसे ही कार देविया क्षेत्र के पास पहुंची, सड़क पर मोड़ होने के कारण नहर नजर नहीं आई। तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार नहर में गिर गई।

एसपी देहात ने की हादसे की पुष्टि
इस संबंध में एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया कि मगोर्रा थाना क्षेत्र के डीग रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई थी। कार सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। रेस्क्यू के बाद वाहन को बाहर निकाल लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।