राजस्थान के बूंदी में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, तीन मासूम भाइयों की मौत, पिता गंभीर
नई दिल्ली। राजस्थान के बूंदी जिले से दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है। डाबी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 6 से 12 साल के तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया।
NH-27 पर पीछे से मारी टक्कर, उछलकर गिरे बाइक सवार
पुलिस के अनुसार, मदन बंजारा बुधवार रात मोटरसाइकिल से अपने गांव प्रेरणा लौट रहे थे। बाइक पर उनके साथ तीन बेटे सुमन (6), अंकित बंजारा (8) और करण बंजारा (12) सवार थे। इसी दौरान डाबी थाना क्षेत्र में NH-27 पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए।
तीनों बच्चों की मौके पर मौत, पिता को कोटा किया गया रेफर
हादसे में तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पिता मदन बंजारा को तुरंत कोटा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं।
तेज रफ्तार बना हादसे की वजह, ड्राइवर फरार
सर्किल इंस्पेक्टर हेमराज शर्मा ने बताया कि ट्रेलर तेज रफ्तार में था और ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है।
गुस्साए ग्रामीणों ने शव रखकर किया प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने बच्चों के शवों को हाईवे की स्लिप लेन पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके चलते नेशनल हाईवे-27 पर करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों ने की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने ट्रेलर चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश कर कार्रवाई और नियमानुसार सहायता का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया।
पोस्टमॉर्टम के बाद सौंपे गए शव
पुलिस ने तीनों बच्चों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे। गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
