Monday, March 2, 2026
बिहार

पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट पर पुलिस; डॉग स्क्वायड-बम निरोधक दस्ता तैनात

बिहार के पूर्णिया में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर कोर्ट परिसर की सघन जांच में जुट गया। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

हाईकोर्ट निर्देश के बाद सख्त जांच व्यवस्था
धमकी के बाद उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार कोर्ट के मुख्य द्वार पर आने-जाने वाले सभी लोगों की मेटल डिटेक्टर से जांच अनिवार्य कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना जांच के किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

अधिवक्ता संघ गेट पर भी सुरक्षा घेरा
अधिवक्ता संघ के प्रवेश द्वार पर भी पुलिस की विशेष जांच व्यवस्था लागू की गई है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वकीलों और अन्य लोगों को भीतर जाने की अनुमति दी जा रही है। एहतियात के तौर पर अनावश्यक क्लाइंट्स के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है।

कोर्ट गेट पर चस्पा किया गया नोटिस
कोर्ट परिसर के मुख्य गेट पर एक आधिकारिक सूचना लगाई गई है, जिसमें महासचिव सुमन जी प्रकाश की ओर से बताया गया है कि कोर्ट को धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है और सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं। नोटिस में सभी अधिवक्ताओं से सहयोग करने और सतर्क रहने की अपील की गई है।

संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत दें सूचना
प्रशासन ने निर्देश जारी किया है कि परिसर में कहीं भी संदिग्ध सामान दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए। सुरक्षा एजेंसियां हर कोने की तलाशी ले रही हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।