Monday, March 2, 2026
उत्तर प्रदेश

सीएम योगी के पास पहुंची मासूम की जिद, सैल्यूट-कविता-स्कूल एडमिशन के बीच दिखा मुख्यमंत्री का वात्सल्य

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान एक मासूम बच्ची का सैल्यूट, उसकी पढ़ाई को लेकर जिद और कविता सुनाने का दृश्य इन दिनों चर्चा में है। नर्सरी में एडमिशन की फरियाद लेकर पहुंची बच्ची ने मुख्यमंत्री को देखते ही सैल्यूट किया, जिस पर सीएम योगी ने मुस्कुराते हुए उसे मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी। आमतौर पर सख्त छवि वाले मुख्यमंत्री के इस रूप ने एक बार फिर उनके संवेदनशील और मानवीय पक्ष को सामने रखा।

जनता दर्शन में दिखा बच्चों के प्रति आत्मीय भाव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बच्चों से जुड़ाव और उनसे भावनात्मक संवाद समय-समय पर सामने आता रहा है। हाल ही में ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में मां के साथ पहुंची नन्ही अनाबी अली ने अपने स्कूल एडमिशन को लेकर जिद की। एबीसीडी और कविता सुनाकर उसने मुख्यमंत्री का दिल जीत लिया, जिसके बाद उसके प्रवेश से जुड़ा निर्देश तत्काल दे दिया गया।

मकर संक्रांति और अन्य अवसरों पर भी दिखा बाल प्रेम
मकर संक्रांति के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में एक बच्चे से मुख्यमंत्री का “और क्या चाहिए” पूछना और मासूम जवाब पर उनका खिलखिलाकर हंसना भी चर्चा में रहा। बच्चों से सहज संवाद और उनके भविष्य को लेकर त्वरित निर्णय मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता को दर्शाते हैं।

जन समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की मिसाल
बीते दिनों ‘जनता दर्शन’ में दो साल की अनन्या से संवाद का वीडियो भी लोगों के बीच खूब साझा हुआ। वहीं 31 दिसंबर को एक मेजर की बेटी अंजना भट्ट ने अपने मकान पर अवैध कब्जे की शिकायत मुख्यमंत्री से की थी। इस पर 24 घंटे के भीतर न सिर्फ मकान को कब्जा मुक्त कराया गया, बल्कि आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की गई।

मूक-बधिर युवती की जिद और मुख्यमंत्री का आश्वासन
कानपुर की मूक-बधिर युवती खुशी गुप्ता की कहानी भी लोगों को भावुक कर गई। मुख्यमंत्री से मिलने की जिद में वह पैदल लखनऊ पहुंच गई थी। जानकारी मिलने पर सीएम योगी ने उसे बुलाया, उसके बनाए चित्रों को स्वीकार किया और उसके शिक्षित व सुरक्षित भविष्य का भरोसा दिलाया। यह घटना ‘प्रदेश ही परिवार’ की अवधारणा को मजबूती से प्रस्तुत करती है।

बच्चों के स्कूल एडमिशन में सीएम का हस्तक्षेप
‘जनता दर्शन’ के माध्यम से लखनऊ की अनाबी अली, कानपुर की मायरा, गोरखपुर की पंखुड़ी और मुरादाबाद की वाची के स्कूल एडमिशन भी सुनिश्चित कराए गए। मायरा ने मुख्यमंत्री से कहा था कि वह बड़ी होकर डॉक्टर बनना चाहती है, जिस पर तत्काल प्रवेश का निर्देश दिया गया। वाची और पंखुड़ी के मामले में भी फीस माफी और स्कूल में पुनः नामांकन सुनिश्चित कराया गया।

गणतंत्र दिवस परेड में बच्चों से घिरे दिखे सीएम
26 जनवरी की गणतंत्र दिवस परेड के दौरान भी कई बच्चे सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पहुंच गए। बच्चों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं, बातचीत की और मुख्यमंत्री ने उन्हें स्नेहपूर्वक दुलारते हुए एक बच्ची को गोद में भी लिया।

कैंसर पीड़ित बेटे के इलाज में दिखाई संवेदनशीलता
बीते सितंबर में ‘जनता दर्शन’ के दौरान कानपुर की रायपुरवा निवासी एक वृद्ध मां अपने कैंसर पीड़ित बेटे को लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंची थीं। उनकी पीड़ा देखकर सीएम द्रवित हो गए और तत्काल एंबुलेंस से बेटे को कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट भेजकर इलाज शुरू कराया गया।