Monday, March 2, 2026
झारखंड

इंस्टाग्राम दोस्ती का खौफनाक सच: पति-बच्चों को छोड़ आंध्र पहुंची महिला को प्यार में मिला धोखा

रांची। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच झारखंड के दुमका जिले से रिश्तों और भरोसे को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ऑनलाइन दोस्ती के झांसे में आकर अपना घर-परिवार छोड़ बैठी। हालांकि पुलिस की सक्रियता से उसे सुरक्षित वापस घर पहुंचा दिया गया।

ऑनलाइन दोस्ती ने बदली जिंदगी की दिशा
पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय महिला की पहचान इंस्टाग्राम पर एक युवक से हुई थी। युवक ने खुद को अमीर और संपन्न बताया, जिससे प्रभावित होकर महिला उसके संपर्क में आती गई। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और वह अपने पति व तीन बच्चों को छोड़कर आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम पहुंच गई।

पति ने दर्ज कराई गुमशुदगी रिपोर्ट
महिला के अचानक लापता होने पर उसके पति ने 12 जनवरी को सरैयाहाट थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि पत्नी लंबे समय से एक अज्ञात व्यक्ति से ऑनलाइन बातचीत कर रही थी, जिसे लेकर घर में कई बार विवाद भी हो चुका था।

तकनीकी जांच से मिली लोकेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की और लोकेशन ट्रेस करते हुए आंध्र प्रदेश तक पहुंच गई। टीम ने वहां से महिला को सुरक्षित बरामद कर झारखंड वापस लाया।

सच सामने आते ही टूटा भरोसा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मछलीपट्टनम पहुंचने के बाद महिला को पता चला कि जिसने खुद को अमीर बताया था, वह वास्तव में दिहाड़ी मजदूर है। सच सामने आने पर महिला को अपनी गलती का एहसास हुआ और माता-पिता के समझाने पर वह घर लौटने को तैयार हो गई। पति ने भी उसे स्वीकार कर लिया है और परिवार फिर से साथ रहने को तैयार है।

पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर रहें सतर्क
घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति की बातों पर आंख बंद कर भरोसा न करें। अधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन पहचान और दावों की सत्यता जांचना बेहद जरूरी है, वरना ऐसे मामलों में भावनात्मक और पारिवारिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।