Sunday, March 1, 2026
पंजाब

मोहाली में बनेगा देश का पहला AI टावर, 300 देशी-विदेशी कंपनियों का निवेश; हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

पंजाब के मोहाली से देश के तकनीकी परिदृश्य को बदलने वाली बड़ी खबर सामने आई है। यहां देश का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टावर विकसित किया जाएगा। यह महत्वाकांक्षी परियोजना एक्सपो सिटी के तहत आकार ले रही है और इसे भारत में एआई आधारित उद्योगों के बड़े हब के रूप में तैयार किया जा रहा है।

पंजाब सरकार के मुताबिक परियोजना की आधिकारिक शुरुआत हो चुकी है। प्रस्तावित एआई टावर में करीब 300 देशी और विदेशी एआई कंपनियां अपना संचालन शुरू करेंगी। इससे हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य की तकनीकी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास विकसित होगा प्रोजेक्ट

यह एआई टावर चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक स्थापित किया जाएगा। लगभग 183.5 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाली इस परियोजना में रड्डा, धमाला, शफीपुर और लड्डियाली गांवों की जमीन शामिल है। सरकार का कहना है कि यहां केवल सॉफ्टवेयर विकास ही नहीं, बल्कि एआई आधारित हार्डवेयर, चिप निर्माण, स्मार्ट डिवाइस और उन्नत तकनीकी उत्पादों का उत्पादन भी किया जाएगा।

इंजीनियर से लेकर डेटा साइंटिस्ट तक को मिलेगा अवसर

परियोजना के तहत इंजीनियर, डेटा वैज्ञानिक, सॉफ्टवेयर डेवलपर, शोध विश्लेषक, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ और ड्रोन तकनीक से जुड़े पेशेवरों के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होंगे। राज्य सरकार का दावा है कि इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही प्रदेश में बेहतर करियर विकल्प मिलेंगे और उन्हें अन्य राज्यों या विदेशों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।

भूमि मालिकों के लिए लैंड पूलिंग नीति

परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के बजाय विशेष लैंड पूलिंग नीति लागू की गई है। इसके तहत जमीन देने वाले भूमि मालिकों को प्रति एकड़ लगभग 800 वर्ग गज का व्यावसायिक प्लॉट देने का प्रावधान किया गया है। सरकार का कहना है कि यह मॉडल विकास और हितों के संतुलन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

उच्च स्तरीय समिति करेगी निगरानी

परियोजना के क्रियान्वयन और निगरानी के लिए उच्च स्तरीय अधिकारियों की एक समिति गठित की गई है। पंजाब सरकार का मानना है कि यह पहल राज्य को एआई और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।