Monday, March 2, 2026
पंजाब

पता पूछने के बहाने घर तक पहुंचे बाइक सवार, चंद सेकंड में झपटी बालियां… CCTV में कैद वारदात से दहशत

गुरदासपुर जिले के धारीवाल क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई स्नैचिंग की घटना ने लोगों को सतर्क कर दिया है। डडवां रोड स्थित गोल्डन एवेन्यू कॉलोनी में बाइक सवार दो युवकों ने पता पूछने का बहाना बनाकर घर के बाहर बैठी महिला से झपट्टा मारकर बालियां लूट लीं और फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित परिवार संभल भी नहीं पाया।

पहले पूछा पता, फिर मांगा पानी और कर दी वारदात

पीड़ित किरण बाला और उनके देवर सुरिंदर महाजन के मुताबिक, किरण बाला घर के गेट के पास कुर्सी पर बैठी थीं। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और किसी व्यक्ति का पता पूछने लगे। जानकारी न मिलने पर वे आगे बढ़ गए, लेकिन कुछ ही पल बाद वापस लौट आए। इस बार उनमें से एक युवक बाइक से उतरा और गेट पर आकर पानी मांगने लगा। परिवार की बहू ने उसे बाहर जाने को कहा, मगर इसी दौरान उसने मौका देखकर किरण बाला की दोनों बालियां झपट लीं और पहले से स्टार्ट बाइक पर बैठकर साथी के साथ फरार हो गया।

CCTV फुटेज में खुली चालाकी की पूरी कहानी

घटना घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपियों ने वारदात से पहले पास के एक अन्य घर की महिला से भी पता पूछकर इलाके की रेकी की थी। इससे अंदेशा है कि लुटेरे पहले से योजना बनाकर आए थे और सही मौके का इंतजार कर रहे थे।

पुलिस जांच में जुटी, कैमरों की खंगाली जा रही फुटेज

परिवार की शिकायत पर पुलिस हरकत में आ गई है। सूचना मिलते ही कुलवंत सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। फिलहाल अधिकारी कैमरे के सामने ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं।

सतर्क रहने की अपील

इस घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति से बातचीत या सहायता करते समय सावधानी बरतें, खासकर जब वह पता पूछने या पानी मांगने जैसे बहाने बनाकर घर के पास आए।