उत्तर प्रदेश

टीबी मुक्त भारत अभियान की आज होगी शुरुआत, JP नड्डा दिखाएंगे हरी झंडी; सौ दिनी अभियान में खोजे जाएंगे नए रोगी

लखनऊ। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मंगलवार को सौ दिनी टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम में टीबी मुक्त भारत ऐप ‘खुशी’ (ई-नि-क्षय मित्र) और टीबी फ्री अर्बन वार्ड इनिशिएटिव का भी उद्घाटन होगा। अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष ने कहा कि यह पहल भारत को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

नि-क्षय वाहन से होगी शुरुआत

अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत नि-क्षय वाहन के फ्लैग-ऑफ के साथ होगी। इसके बाद आयुष्मान आरोग्य शिविर का उद्घाटन और स्थल का अवलोकन किया जाएगा। इस अभियान के दौरान जनभागीदारी, नवाचार और समन्वित प्रयासों के माध्यम से टीबी उन्मूलन को गति दी जाएगी।

टीबी विजेता और नि-क्षय मित्र होंगे सम्मानित

कार्यक्रम में टीबी विजेता अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव, केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ, विकास भागीदार, स्वास्थ्य सेवा पेशेवर और सामुदायिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। टीबी उन्मूलन में योगदान देने वाले नि-क्षय मित्रों का सम्मान भी किया जाएगा।

अंत में अभियान के तहत उपस्थित लोगों से ‘नि-क्षय शपथ’ दिलाई जाएगी, ताकि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में सभी नागरिक सक्रिय रूप से भाग लें।