इकाना में गूंजेगा रोहित-कोहली का बल्ला, 17 जून को भारत-अफगानिस्तान वनडे मुकाबला
लखनऊ। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के भारत दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया। दौरे के तहत दोनों देशों के बीच एक टेस्ट मैच और तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज खेली जाएगी। वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले की मेजबानी लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम को सौंपी गई है, जहां 17 जून को भारत और अफगानिस्तान आमने-सामने होंगे।
इस मुकाबले के साथ सूबे के क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली की बल्लेबाजी के साथ जसप्रीत बुमराह की सटीक यॉर्कर देखने का मौका मिलेगा। सीरीज का पहला वनडे धर्मशाला और तीसरा मुकाबला चेन्नई में खेला जाएगा।
पिछले साल धुंध में रद्द हुआ था भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच
इकाना स्टेडियम में 17 दिसंबर को प्रस्तावित भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मुकाबला घने कोहरे के कारण रद्द हो गया था। उस दिन दृश्यता 50 मीटर से भी कम थी और मैच शुरू नहीं हो सका था। ऐसे में इस बार होने वाले मुकाबले को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
अफगान टीम में राशिद खान जैसे स्टार खिलाड़ी
भले ही अफगानिस्तान को पारंपरिक रूप से वनडे की दिग्गज टीमों में नहीं गिना जाता, लेकिन टीम के पास राशिद खान, इब्राहिम और रहमत खान जैसे खिलाड़ी हैं, जिनकी फैन फॉलोइंग वैश्विक स्तर पर है। भारत, खासकर लखनऊ में अफगान क्रिकेटरों के प्रशंसकों की अच्छी संख्या मानी जाती है। यही वजह है कि लखनऊ को अफगान खिलाड़ियों के लिए दूसरे घर जैसा कहा जाता है।
इकाना में पहली बार भारत-अफगानिस्तान आमने-सामने
आईपीएल के समापन के तुरंत बाद अफगानिस्तान का भारत दौरा शुरू होगा। अब तक दोनों टीमों के बीच कुल चार वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से तीन में भारत को जीत मिली है, जबकि एक मैच टाई रहा है।
इकाना स्टेडियम पहले अफगानिस्तान का घरेलू मैदान रह चुका है, जहां टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज खेल चुकी है। हालांकि, यह पहला अवसर होगा जब लखनऊ में वनडे प्रारूप में भारत और अफगानिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी।
अफगानिस्तान ने कई मौकों पर अपने प्रदर्शन से सबको चौंकाया है। टी-20 विश्व कप के सुपर-8 में जगह बनाने से चूकने के बाद अब टीम अपने नए कोच रिचर्ड पायबस के मार्गदर्शन में भारत के खिलाफ खुद को साबित करना चाहेगी। दूसरी ओर, टीम इंडिया इस सीरीज को 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के शुरुआती चरण के रूप में देख रही है।
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक और अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी मिलना गर्व का विषय है। उन्होंने भरोसा जताया कि हाल के वर्षों में बड़े टूर्नामेंटों की सफल मेजबानी के अनुभव के आधार पर सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से की जाएंगी और दर्शकों को उच्च स्तरीय मुकाबला देखने को मिलेगा।
