मुक्तसर में लुटेरों का कहर: पिता-पुत्र की कार घेरकर हमला, धारदार हथियार से युवक लहूलुहान
श्री मुक्तसर साहिब। पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब में बुधवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक सवार लुटेरों ने पिता-पुत्र को निशाना बनाते हुए उनकी कार को सुनसान सड़क पर रोक लिया। घटना रात करीब 8 बजे अबोहर रोड बाईपास पर हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
कार का पीछा कर रास्ता रोका, फिर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, छह से सात बदमाश बाइक पर सवार होकर कार में जा रहे पिता-पुत्र का पीछा कर रहे थे। जब दोनों ने खतरा भांपकर वहां से निकलने की कोशिश की, तो आरोपियों ने आगे अपनी बाइक खड़ी कर कार को जबरन रुकवा दिया। कार रुकते ही बदमाशों ने हमला बोल दिया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान एक युवक के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हो गया।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से एक आरोपी पकड़ा गया
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद लुटेरे भागने लगे। हालांकि, भागने के दौरान एक आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल युवक को तुरंत श्री मुक्तसर साहिब के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
