उत्तराखंड में अधिकतम तापमान में उछाल, पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा के संकेत
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम बीते कुछ दिनों से शुष्क बना हुआ है और अधिकांश क्षेत्रों में दिन के तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। इससे दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड अभी भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल और हल्की वर्षा-बर्फबारी हो सकती है।
मंगलवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही तेज धूप रही, जिससे दोपहर में तापमान में काफी वृद्धि दर्ज की गई और मैदान से पहाड़ तक गर्मी महसूस हुई। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
अन्य क्षेत्रों में भी दिन का तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसके अलावा, अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज ताजा पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की वर्षा या बर्फबारी हो सकती है। देहरादून में आंशिक बादल छाने की संभावना है।
