Monday, March 2, 2026
राजस्थान

राजस्थान हादसा: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से मातम, गांव में साथ उठीं पांच अर्थियां

राजस्थान के पाली जिला के भावनगर गांव में रविवार को शोक का ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने हर आंख नम कर दी। गुजरात के मेहसाणा जिला के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के बाद जब उनके पार्थिव शरीर गांव पहुंचे तो पूरा इलाका गम में डूब गया। एक ही आंगन में सजी पांच अर्थियों ने ग्रामीणों को अंदर तक झकझोर दिया और गांव में शोक के कारण किसी घर में चूल्हा तक नहीं जला।

खुशी का सफर बना अंतिम यात्रा
परिवार एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहा था। कुमावत परिवार मनिहारी गांव में बहन के मायरा समारोह में शामिल होने गया था और वहां से दूसरे कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अहमदाबाद जा रहा था। शनिवार तड़के उनावा क्षेत्र के पास उनकी मिनीवैन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई।

तीन पीढ़ियां एक साथ खत्म
हादसे में रामलाल कुमावत, कोमल कुमावत, कैलाशभाई कुमावत, चार वर्षीय आयुष कुमावत और बुजुर्ग मथुरादेवी कुमावत की जान चली गई। एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों का यूं एक साथ खत्म हो जाना पूरे क्षेत्र के लिए असहनीय त्रासदी बन गया।

प्रशासन ने पहुंचकर दी सांत्वना
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और अधिकारियों की टीम गांव पहुंची। एसडीएम विमलेंद्र राणावत समेत पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

गांव की आंखें नम, अंतिम यात्रा में उमड़ा सैलाब
रविवार को जैसे ही पांचों शव गांव पहुंचे, माहौल और भी भारी हो गया। ग्रामीणों ने एक साथ पांचों अर्थियां उठाईं और अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। मासूम आयुष की अर्थी देखकर कई लोग अपने आंसू नहीं रोक सके।