Sunday, March 1, 2026
पंजाब

Punjab Weather Update: पंजाब में फरवरी में मार्च जैसी गर्मी, फरीदकोट 29°C पहुंचा; मंगलवार से बारिश के आसार

पंजाब में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। पिछले दो सप्ताह से साफ मौसम और तेज धूप के चलते राज्य में तापमान तेजी से बढ़ा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि फरवरी महीने में ही मार्च के अंतिम दिनों जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। बढ़ते तापमान ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है क्योंकि इसका असर गेहूं की फसल पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

रविवार को फरीदकोट में दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक रहा। वहीं लुधियाना, बठिंडा और पटियाला में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। फिरोजपुर में 26.5 डिग्री सेल्सियस, चंडीगढ़ में 26.4 डिग्री सेल्सियस, रूपनगर में 26.8 डिग्री सेल्सियस और मोहाली में 26.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इन जिलों में तापमान सामान्य से लगभग तीन डिग्री अधिक रहा। इसके अलावा एसबीएस नगर में 25 डिग्री सेल्सियस और होशियारपुर में भी 25 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रहा।

पिछले एक सप्ताह से राज्य के कई जिलों में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। बीते तीन दिनों से कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया। रात के समय मोहाली में सबसे अधिक 13.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। वहीं पटियाला में 12.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा।

इसके अलावा लुधियाना में रात का तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बठिंडा में 11.9 डिग्री और फरीदकोट में 11 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस और अमृतसर में 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मंगलवार से मौसम बदलने के संकेत

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के ऊपरी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से पंजाब में 17 और 18 फरवरी को बादल छाए रहने, बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं।