उत्तराखंड

उत्तराखंड में एडवेंचर और आस्था को बढ़ावा: पिथौरागढ़ में दो नए ट्रेक रूट को 1.14 करोड़ की मंजूरी

पिथौरागढ़। उत्तराखंड सरकार ने पिथौरागढ़ जिले में दो नए ट्रेक रूट के निर्माण के लिए कुल 1.14 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है। इन परियोजनाओं को पर्यटन, धार्मिक आवागमन और ग्रामीण संपर्क सुधार के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

सुवालेक से चंडिका घाट मंदिर तक बनेगा ट्रेक रूट

पहला ट्रेक रूट सुवालेक से चंडिका घाट मंदिर तक बनाया जाएगा। मंदिर तक सड़क का निर्माण पहले ही हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अधिकांश श्रद्धालु पैदल यात्रा को प्राथमिकता देते हैं। हालांकि, पूर्व में बना पैदल मार्ग जर्जर स्थिति में है, जिससे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए सुवालेक से ट्रेक रूट निर्माण और चंडिका घाट मेला स्थल के सुधार का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के साथ 48.77 लाख रुपये की धनराशि भी जारी कर दी गई है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी जिला पंचायत को सौंपी गई है।

जमराड़ी से बड़खेत तक दूसरा ट्रेक रूट होगा विकसित

विकासखंड बिण के अंतर्गत जमराड़ी से बड़खेत तक ट्रेकिंग रूट निर्माण को भी शासन ने हरी झंडी दे दी है। इस परियोजना के लिए 65.77 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मार्ग के विकसित होने से करीब एक दर्जन गांवों के लोगों को पैदल आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

वर्तमान में इस मार्ग की हालत खराब होने के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि ट्रेक रूट निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।