सारंडा जंगल में IED ब्लास्ट, नक्सल विरोधी अभियान के दौरान कोबरा के सहायक कमांडेंट अजय मलिक घायल; एयरलिफ्ट कर रांची भेजने की तैयारी
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से बड़ी खबर सामने आई है। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान घने जंगल में आईईडी विस्फोट हो गया, जिसमें कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है।
यह घटना सारंडा जंगल के मारंगपोंगा जंक्शन के पास हुई, जो छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आता है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 6 बजे माओवादियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जंगल में पहले से लगाए गए आईईडी की चपेट में अधिकारी आ गए।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ धमाका
सुरक्षा बलों की टीम अत्यंत सतर्कता के साथ जंगल में आगे बढ़ रही थी। मरंगपोंगा क्षेत्र में माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया, जिससे कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक घायल हो गए। विस्फोट के बाद बलों ने इलाके को घेर लिया और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
घायल अधिकारी को प्राथमिक उपचार देने के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक अमित रेनू समेत अन्य वरीय अधिकारियों को दी गई।
एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जाएगा
बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए रांची से हेलीकॉप्टर भेजने का अनुरोध किया गया है। घायल सहायक कमांडेंट को एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया जाएगा, जहां उनका उन्नत चिकित्सा सुविधा में उपचार होगा।
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि सारंडा क्षेत्र में माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से आईईडी लगाया गया था। इसकी चपेट में आने से कोबरा बटालियन के एक सहायक कमांडेंट घायल हुए हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सारंडा क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ सर्च अभियान लगातार जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की सतर्कता बढ़ा दी गई है और ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
