Monday, March 2, 2026
झारखंड

नगर निकाय चुनाव के बीच सियासी हलचल, आदित्यपुर की वार्ड 9 प्रत्याशी प्रेमी संग लापता; परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत

झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। वार्ड नंबर 9 की पार्षद प्रत्याशी के अचानक लापता होने से इलाके में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 से पार्षद पद की उम्मीदवार राखी मार्डी कथित रूप से अपनी बेटी के साथ घर से चली गई हैं। उनके पति राकेश मार्डी ने आरोप लगाया है कि प्रेमचंद मार्डी नामक एक व्यक्ति उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उनका कहना है कि नामांकन दाखिल करने के बाद उनकी पत्नी पूरे उत्साह के साथ चुनाव प्रचार में जुटी थीं और इसी बीच यह घटना घटी।

राकेश मार्डी ने मामले को गंभीर बताते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी है। साथ ही संबंधित थाने में प्रेमचंद मार्डी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिवार का आरोप है कि चुनावी माहौल के बीच इस तरह प्रत्याशी का लापता होना कई सवाल खड़े करता है।

परिजनों के मुताबिक, चुनाव के अहम समय पर इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वार्ड 9 के मतदाताओं के बीच भी इस घटनाक्रम को लेकर नाराजगी और निराशा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस उम्मीदवार को वे अपना प्रतिनिधि चुनने की तैयारी कर रहे थे, उसके अचानक गायब हो जाने से क्षेत्र की छवि पर भी असर पड़ा है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।