Monday, March 2, 2026
बिहार

Patna Road Accident: पटना में दो ट्रकों की भीषण टक्कर, एक चालक की मौत; ऑटो समेत 6 लोग घायल

बिहार की राजधानी पटना में शनिवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। मनेर थाना क्षेत्र में एनएच-30 मनेर-दानापुर मार्ग पर तेज रफ्तार दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रक पीछे से आ रही ऑटो से भी जा भिड़ा। हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि ऑटो सवार समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, सड़क पर लगा लंबा जाम

घटना श्रीनगर स्थित देवी मंदिर के पास हुई, जहां देर रात दोनों ट्रक आमने-सामने टकरा गए। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और मुख्य मार्ग पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल मनेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घायलों की हालत गंभीर देखते हुए दोनों ट्रक चालकों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल किया गया।

इलाज के दौरान ट्रक चालक की मौत, परिवार में मातम

इस हादसे में मृतक चालक की पहचान रामपुर दियारा तोफिर पंचायत के हुलासी टोला निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है। वह दिलीप राय के 24 वर्षीय पुत्र थे। हादसे में घायल लोगों में सोनू कुमार और बसंती देवी सहित अन्य लोग शामिल हैं। चालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक

घटना पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों ने दुख व्यक्त किया है। पूर्व विधायक प्रो. श्रीकांत निराला, पूर्व मुखिया मिथलेश सिंह और वार्ड सदस्य कृष्णा ठाकुर समेत कई लोगों ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

पुलिस ने बताया कि मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।