मथुरा में दर्दनाक सड़क हादसा, यमुना एक्सप्रेसवे पर कंटेनर ने यात्रियों को कुचला, 6 की मौत, 9 गंभीर घायल
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े यात्रियों को रौंद दिया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
लघुशंका के लिए उतरे थे यात्री, सड़क किनारे खड़ी थी बस
जानकारी के मुताबिक दिल्ली से कानपुर जा रही एक निजी बस के कुछ यात्री लघुशंका के लिए एक्सप्रेसवे पर उतरे थे। बस चालक ने निर्धारित ग्रीन जोन में वाहन रोकने के बजाय लापरवाही बरतते हुए सड़क किनारे ही बस खड़ी कर दी। इसी दौरान पीछे से आ रहा तेज रफ्तार कंटेनर अचानक नियंत्रण खो बैठा।
पहले बस को मारी टक्कर, फिर यात्रियों को रौंदा
अनियंत्रित कंटेनर ने पहले खड़ी बस को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचलता चला गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग दूर तक उछल गए।
मृतकों में औरैया, बस्ती, कन्नौज और दिल्ली के यात्री शामिल
हादसे में सोनू (औरैया), देवेश (बस्ती), अस्लम (कन्नौज), संतोष (दिल्ली) समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई। दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घायलों की हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती
सूचना मिलते ही पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे की राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू करा दिया गया।
प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही उजागर
पुलिस की शुरुआती जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आई है। ग्रीन जोन में बस न रोकने को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
सीएम योगी ने जताया शोक, बेहतर इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों को समुचित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
